दशहरा-दीपावली से पहले बिहार के 40 हजार शिक्षकों को मिली गुड न्यूज, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

मुजफ्फरपुर। बिहार में सरकारी स्कूलों में कार्यरत लगभग 40 हजार शिक्षकों के लिए गुड न्यूज है, जहां शिक्षक विभाग ने दशहरा, दिवाली और छठ से ठीक पहले उनको वेतन भुगतान कराने के लिए आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग के इस आदेश से मुजफ्फरपुर के करीब 1300 शिक्षकों को भी फायदा होगा, जिनका वेतन अटका हुआ है।

शिक्षा विभाग के सचिव ने जताई चिंता
सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को जारी पत्र में शिक्षा विभाग के सचिव दिनेश कुमार ने कहा है कि नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय में नियुक्त प्रधान शिक्षक एवं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, नव स्थापित उच्च माध्यमिक विद्यालय में नियुक्त प्रधानाध्यापकों के योगदान देने के बाद भी उन्हें अब तक भुगतान नहीं हो पा रहा है।

अधिकांश शिक्षकों के पास पहले से PRAN
जारी आदेश में कहा गया है कि नए पदस्थापित प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापकों में से अधिकांश को पहले से ही PRAN आवंटित है। इनमें से कई का HRMS पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग भी पूरा है। ऐसे मामलों में उनके वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने में ज्यादा कठिनाई नहीं होगी।

जिले में करना होगा एक्टिव
इसके लिए HRMS पोर्टल के कन्वर्ज़न मॉड्यूल में जाकर पहले पुराने पद को इनएक्टिव करना होगा। इसके बाद नए पद से जुड़ी जानकारी अपडेट करके, नई पदस्थापना वाले जिले में उसे एक्टिव करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी होते ही वेतन भुगतान शुरू हो जाएगा।

एक सप्ताह की समय-सीमा
कुछ शिक्षक ऐसे भी हैं, जो पहले अन्य पद पर कार्यरत थे और अब प्रधान शिक्षक या प्रधानाध्यापक बने हैं। उनके लिए पहले PRAN जेनरेट करना होगा और फिर HRMS पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सचिव ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और डीपीओ स्थापना को निर्देश दिया है कि यह कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा कर वेतन भुगतान आरंभ कराएं।

जिले के 1300 शिक्षकों पर असर
इस आदेश से TRE-3 के तहत नियुक्त 6000 शिक्षकों, लगभग 5000 प्रधानाध्यापकों और 29,000 प्रधान शिक्षकों को राहत मिली है। इनमें मुजफ्फरपुर जिले के लगभग 1300 शिक्षक भी शामिल हैं।