पटना: बिहार में भले ही सर्दी की विदाई हो चुकी है और दिन-रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने लगा है. रविवार की देर रात से ही राज्य के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिला. मौसम विभाग ने आज राज्य के 27 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही लोगों को ठनका से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जिले में देर रात से ही आसमान में हल्के बादल छाने लगे हैं. सोमवार को दिन में इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं, राजधानी पटना में भी सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.
किन जिलों में ज्यादा बिगड़ेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सबसे ज्यादा बिगड़े मौसम का असर पूर्णिया से लेकर मुजफ्फरपुर और जमुई तक के इलाके में देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों के आसपास के करीब 18 जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनने की संभावना है. इसी को देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अलर्ट वाले जिलों में उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाके शामिल हैं. यहां तेज हवा के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
आज इन जिलों के लोग रहें ज्यादा सावधान
आज यानी सोमवार को सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया और मुंगेर में झोंके के साथ तेज हवा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. साथ ही बारिश के साथ मेघगर्जन और व्रजपात होने की पूरी संभावना है. इस खतरे को देखते हुए आईएमडी ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा, वैशाली, पटना, जहानाबाद, गयाजी, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. जहां तहां हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी. कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
कल सीमांचल वालों के लिए खतरा
मौसम विभाग का कहना है कि यह बदला हुआ मौसम 11 मार्च की देर रात तक बना रह सकता है. इस दौरान कई जिलों में बीच-बीच में बारिश, बादल और तेज हवा चलने की संभावना है. हालांकि 12 मार्च से मौसम के फिर सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है. कल यानी 10 मार्च को किशनगंज से लेकर जमुई तक पूर्वी बिहार के सभी 12 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. लेकिन, सीमांचल वाले जिले जैसे सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में गरज चमक और तेज आंधी के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसीलिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण बिहार के ज्यादातर जिलों में सिर्फ हल्के बादल दिख सकते हैं.
तापमान में उतार चढ़ाव जारी
रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.8°C कैमूर में दर्ज हुआ जबकि न्यूनतम तापमान 17.5°C से लेकर 23.1°C दर्ज हुआ. ठंड अब सुबह शाम से भी खत्म हो गई है. मौसम के बदले हुए मिजाज से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. बारिश और बादलों के कारण कुछ इलाकों में दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि मौसम साफ होने के बाद फिर से गर्मी बढ़ने लगेगी.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान AQI
पटना 32.9 23.4 230
मुजफ्फरपुर 30.4 22.2 208
गयाजी 33.5 19.4 203
भागलपुर 32 20.0 173
पूर्णिया 30.5 22.7 205
नोट- ये आंकड़े रविवार के हैं.