Bihar Board Exam : बिहार मैट्रिक परीक्षा दे रहे हैं? जरा सी लापरवाही पड़ेगी भारी, जान लें जरूरी गाइडलाइन

पटना. बिहार में मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा आज (17 फरवरी) से शुरू 25 फरवरी तक चलेगी. इसको लेकर बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड यानी बीएसईबी ने राज्यभर में 1699 परीक्षा केंद्र बनाए हैं. बिहार बोर्ड की यह परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक चलेगी तो दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 5.15 बजे तक होगी. बता दें कि इस बार कुल 15 लाख 12 हजार 687 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं जिनमें छात्राओं की संख्या छात्रों से ज्यादा है. इनमें 7 लाख 85 हजार 726 छात्राएं हैं, जबकि 7 लाख 26 हजार 961 छात्र हैं. राज्य के सभी 38 जिलों में परीक्षा हो रही है जिसके तहत पटना जिले में 70 केंद्र बनाए गए हैं. यहां 71 हजार 22 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.

सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था
मिली जानकारी के अनुसार, बीएसईबी ने परीक्षा को नकल मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. हर केंद्र पर दो स्तरों पर तलाशी ली जाएगी. पहले मुख्य गेट पर पुलिस और मजिस्ट्रेट करेंगे और फिर हॉल के अंदर इन्विजिलेटर चेक करेंगे. परीक्षार्थी जूते मोजे पहनकर अंदर नहीं जा सकेंगे, क्योंकि सिर्फ साधारण चप्पल की अनुमति है. एडमिट कार्ड साथ लाना जरूरी है, क्योंकि बिना कार्ड के प्रवेश नहीं मिलेगा.

मॉडल केंद्रों की व्यवस्था
बोर्ड परीक्षा के लिए बिहार के हर जिले में 4 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं. कुल 152 मॉडल केंद्र हैं. इन पर सिर्फ महिला स्टाफ काम करेगा. पटना में भी 4 मॉडल केंद्र हैं जिनमें- गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल बैंकिपुर, शास्त्री नगर, कमला नेहरू गर्ल्स हाई स्कूल यारपुर और गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल गार्डनिबाग शामिल हैं. इन केंद्रों पर सुरक्षा सबसे मजबूत है.

बता दें कि परीक्षा शुरू होने के एक दिन पहले 16 फरवरी से कंट्रोल रूम सक्रिय है. यह 25 फरवरी तक 24 घंटे चलेगा. कोई समस्या हो तो 0612-2232257 या 0612-2232227 पर फोन कर सकते हैं. बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को सख्त निर्देश दिए हैं. वे खुद केंद्रों का दौरा करेंगे.

परीक्षार्थियों के लिए सलाह
छात्रों को एडमिट कार्ड, पेन, पेंसिल और ज्योमेट्री बॉक्स साथ रखना है. मोबाइल, घड़ी या कोई इलेक्ट्रॉनिक चीज नहीं लानी है. परीक्षा में नकल पकड़े जाने पर दो साल के लिए परीक्षा से बाहर किया जाएगा. साथ में एफआईआर भी दर्ज होगी. बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा शांतिपूर्वक हो. सभी जरूरी सुविधाएं जैसे पानी, शौचालय और बिजली उपलब्ध हैं.