बिहार में भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत सरकारी विद्यालयों में लागू विशेष ग्रीष्मकालीन समय-सारिणी की अवधि को 31 मई से बढ़ाकर अब 30 जून तक विस्तारित कर दिया गया है. 1 जून से 20 जून तक चले ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार (22 जून) से स्कूल अपने सामान्य समय यानी सुबह 9:30 बजे से अपराह्न 4 बजे तक खुलने वाले थे, लेकिन बीते रविवार की देर शाम मौसम की गंभीरता और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इस आदेश में बदलाव करते हुए विद्यालय संचालन की अवधि 6:30 से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया है.
इस संबंध में शिक्षा विभाग (माध्यमिक शिक्षा कार्यालय) ने सोमवार (22 जून) को एक नया आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया है. इस नए पत्र के अनुसार राज्य में पड़ने वाली अत्यधिक गर्मी के कारण पूर्व के आदेशों में आंशिक संशोधन किया गया है. 30 जून तक पूरे राज्य के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों का संचालन सुबह 06:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विशेष समय-सारिणी के तहत किया जाएगा.
कब से कब चलेगी घंटी?
सुबह 6:30 बजे : विद्यालय शुरू होने का समय
सुबह 6:30 से 7:00 बजे तक: प्रार्थना एवं अन्य गतिविधियां
सुबह 7:00 से 7:40 बजे तक: पहली घंटी
सुबह 7:40 से 8:20 बजे तक: दूसरी घंटी
सुबह 8:20 से 9:00 बजे तक: तीसरी घंटी
सुबह 9:00 से 9:40 बजे तक: मध्यांतर – इस दौरान प्रारंभिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) का संचालन किया जाएगा
सुबह 9:40 से 10:20 बजे तक: चौथी घंटी
सुबह 10:20 से 11:00 बजे तक: पांचवीं घंटी
सुबह 11:00 से 11:40 बजे तक: छठी घंटी
सुबह 11:40 से दोपहर 12:20 बजे तक: सातवीं घंटी चलेगी और ठीक दोपहर 12:20 बजे छात्र एवं छात्राओं के लिए छुट्टी हो जाएगी
दोपहर 12:20 से 12:30 बजे तक: प्रधानाध्यापक के स्तर से शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा, अगले दिन की कार्य योजना तैयार करना तथा छात्रों को दिए गए गृह कार्य की समीक्षा एवं जांच की जाएगी
विभागीय आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण एक साथ भोजन कराना संभव नहीं है, वहां प्रधानाध्यापक समूहों में बांटकर पठन-पाठन और भोजन की व्यवस्था संभालेंगे. स्थानीय मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को भी आवश्यक संशोधन करने की छूट रहेगी.