Bihar IAS Transfer Posting News: बिहार सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है. इस फेरबदल में शिक्षा, गृह, वाणिज्य कर, सामाजिक कल्याण और अन्य महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है.
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें अब बिहार का विकास आयुक्त बनाया गया है. लंबे समय से शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सिद्धार्थ को अब राज्य के विकास कार्यों की कमान दी गई है.
डॉ. बी. राजेंद्र, जो सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं, उन्हें अब सामाजिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इसके साथ ही वे शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. माना जा रहा है कि यह कदम सामाजिक योजनाओं को गति देने के लिए उठाया गया है.
वाणिज्य कर विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. संजय कुमार अग्रवाल को राज्य राजस्व पर्षद, बिहार, पटना का अध्यक्ष-सह-सदस्य नियुक्त किया गया है. 1992 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अग्रवाल ने पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है.
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग का कार्यभार सौंपा गया है. वहीं, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इससे उन्हें शिक्षा और पर्यावरण दोनों क्षेत्रों की जिम्मेदारी एक साथ निभानी होगी.