बिहार के मुंगेर जिले से में एक पुलिस अधिकारी के घर से दर्दनाक घटना सामने आई. यहां सफियाबाद थाना में तैनात उप निरीक्षक चंदन कुमार की पत्नी ने रविवार शाम को कथित तौर पर अपने पति की सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में यह जांच की जा रही है कि क्या यह वाकई आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है.
पुलिस ने मामले पर जानकारी दी और बताया कि यह घटना सफिया सराय पुलिस चौकी के भीतर दंपती के किराए के आवास में हुई है, जहां उप निरीक्षक तैनात थे. पत्रकारों से बात करते हुए मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा, ‘आज हमें सूचना मिली कि सफिया सराय में तैनात एक उप निरीक्षक की पत्नी ने कथित तौर पर अपने किराए के घर में उसकी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली. पास के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.’
क्या घरेलू विवाद बना आत्महत्या की वजह?
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मसूद ने कहा, ‘प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, सहायक पुलिसकर्मी ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी के बीच कभी-कभार घरेलू विवाद होते थे, जो इस घटना का संभावित कारण हो सकता है.’ हालांकि, उन्होंने कहा कि मौत का सही कारण उचित जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा.
इस बीच, मृतका की मां ने दावा किया कि घटना से कुछ ही समय पहले उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी. उस समय वह ‘खुश’ लग रही थी और अपने पति के साथ चाय पी रही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और आरोपियों को पकड़ने की मांग की.