बिहार का जूनियर इंजीनियर करोड़ों की संपत्ति का मालिक, धनकुबेर अनसारुल हक के ठिकानों पर रेड

पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को योजना एवं विकास विभाग के दरभंगा स्थित कार्य प्रमंडल -1 में तैनात कनीय अभियंता अनसारूल हक के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दरभंगा के जमलपुरा, नया टोला मस्जिद के नजदीक दो आवास एवं कार्यालय में छापेमारी की गई तथा मधुबनी के अंधरामठ के आलपुर परगना के लदनियां पंचायत के हरिराहा गांव में स्थित स्थायी आवास में सुबह सुबह ही तलाशी शुरू कर दी गई। छापेमारी में आरोपित कनीय अभियंता के पास आय से अधिक करोड़ों की संपत्ति की जानकारी मिली।

देर रात तक जारी छापेमारी के बाद निगरानी ब्यूरो की टीम जब्त किए गए दस्तावेजों एवं बैंक खातों का मूल्यांकन एवं छानबीन में जुटे रहे। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, छापेमारी के दौरान नाइन एमएम का लाइसेंसी पिस्टल, एक्सयूवी 300 वाहन, एक टाटा एसे मिनी ट्रक, ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त किया गया है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, 16 दिसंबर को निगरानी थाने में आरोपित कनीय अभियंता अनसारूल हक के खिलाफ प्रत्यानुपातिक धनार्जन के संबंध में मामला दर्ज किया गया।

इनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच में आय से अधिक 1 करोड़ 46 लाख 95 हजार 530 रुपये अर्जित करने का आरोप है। जो कि उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 458.72 प्रतिशत अधिक है। अनुसंधान के क्रम में निगरानी ब्यूरो ने मुजफ्फरपुर के विशेष न्यायालय, निगरानी से सर्च वारंट हासिल किया। इसके बाद छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।

100वीं गिरफ्तारी हुई
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार के महानिदेशक, जेएस गंगवार ने कहा कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस साल भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान दुल्हिन बाजार, पटना के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक अकेला को 100वें अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार किया। बुधवार को निगरानी ब्यूरो में वर्ष 2025 में 110वीं प्राथमिकी दर्ज की गई। इन सभी अभियुक्तों से अबतक इस साल कुल 35 लाख 51 हजार 500 रुपये गिरफ्तारी के दौरान बरामद किए जा चुके हैं। 100वीं गिरफ्तारी के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।’