बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर बीते रविवार (07 जून, 2026) की शाम हमला हो गया. दरअसल खजौली में हाल ही में सड़क दुर्घटना में कृष्ण कुमार ठाकुर की मौत हो गई थी. उन्हीं के परिजनों से मिलने के लिए मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पहुंचे थे. इसी दौरान उनके साथ यह घटना हो गई. हमले में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के बाद दरभंगा के डीआईजी सहित मधुबनी एसपी भी भी पहुंचे. अभी तक इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित 7 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. मामले में 4 एसडीपीओ, एसपी और डीआईजी निगरानी कर रहे हैं.
ठाहर गांव पहुंचे थे मंत्री
यह पूरा मामला दरभंगा के खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव की है. ठाहर गांव के ही रहने वाले युवक कृष्ण कुमार ठाकुर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी. मंत्री गांव पहुंचे तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए. उनका आरोप था कि क्षेत्र में शराब तस्करों की गतिविधियां पुलिस की शह पर चल रही हैं.
ग्रामीणों का कहना था कि जिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई वह कथित तौर पर शराब कारोबारियों से जुड़ा हुआ था. ग्रामीणों ने मंत्री के सामने ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया. इस दौरान कुछ लोगों ने मंत्री के काफिले की गाड़ी को घेर लिया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया.
स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय प्रशासन ने मोर्चा संभाला. किसी तरह मंत्री को सुरक्षित वहां से निकाला गया. मंत्री अरुण शंकर ने ग्रामीणों को समझाने और घटना को लेकर मामले में उचित न्याय दिलाने का आश्वासन दिया लेकिन लोग सुनने को तैयार नहीं थे. जब वे परिजनों से मिलकर लौटने लगे तो एक व्यक्ति ने स्थानीय महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों को आगे करके उन्हें घेर लिया. इसके बाद सारी घटना हुई है. पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है.