Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से आंशिक राहत मिलेगी।
28-29 जनवरी को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके प्रभाव से बारिश की संभावना है। खासकर पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और गोपालगंज में बारिश के साथ बिजली चमकने और मेघगर्जन की आशंका जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दो दिनों में बढ़ेगी ठंड
आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 28 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल सहित उत्तर बिहार के सभी जिलों को मिलाकर कुल 25 जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तर भारत में कोई प्रभावी सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे मौसम सामान्य बना हुआ है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि अगले दो दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
घने कोहरे का दिखेगा असर
29 से 31 जनवरी के बीच राज्य में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। 29 जनवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल समेत उत्तर बिहार के सभी 25 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 जनवरी को पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार सहित उत्तर बिहार के सभी 19 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। शेष जिलों में हल्का कुहासा देखा जा सकता है।