पटना: दिवाली की देर रात से ही धुंध और धुआं चारो तरफ साफ तौर पर दिखाई देने लगा था. दिवाली के बाद सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले, तो धुंध साफ तौर पर महसूस किया जा सकता था. पटना समेत बिहार के ज्यादातर शहरों में दीपावली की रात जमकर आतिशबाजी हुई, जिसका असर अब हवा की क्वालिटी पर दिखने लगा है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बिहार के तापमान में उतार चढ़ाव के साथ-साथ हवा की रफ्तार धीमी पड़ गई है. इससे प्रदूषित कण वातावरण में अधिक देर तक ठहर रहे हैं.
तापमान में बढ़ोतरी और हवा की मंद रफ्तार
पटना मौसम विभाग के ताजा रिपोर्ट के अनुसार 20 अक्टूबर की सुबह बिहार का सबसे कम न्यूनतम तापमान वाल्मीकिनगर में 20.4°C दर्ज किया गया. वहीं, पटना का न्यूनतम तापमान 24.7°C और अधिकतम तापमान 33.8°C दर्ज किया गया. इस तापमान के साथ हवा की रफ्तार बेहद कम (2-3 किमी प्रति घंटा) रहने के कारण वातावरण में धूल और धुआं फंस गया है. यही कारण है कि दिवाली के अगले दिन सुबह से ही पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 150 से 300 के बीच दर्ज किया गया है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
शहर तापमान अधिकतम/न्यूनतम AQI
पटना 32.6/24.7 166
मुजफ्फरपुर 31.4/23.1 192
गयाजी 32.6/21.4 134
पूर्णिया 34.4/23.0 179
भागलपुर 33.0/23.8 200
( नोट – ये आंकड़ा मंगलवार का है )
बंगाल की खाड़ी से राहत की उम्मीद
पटना मौसम सेवा केंद्र के पूर्वानुमान में बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 25 अक्टूबर के आसपास हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. यह बारिश हवा की गुणवत्ता सुधारने में मदद कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो हवा में फैला धुआं और धूलकण नीचे बैठ जाएंगे और लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी. इससे तापमानए में भी गिरावट होने की पूरी संभावना है.