बिहार चुनाव से पहले BJP को मिली खुशखबरी, मिली बंपर जीत, 2 पर सिमटी कांग्रेस

पटना: बिहार में जारी चुनावी गहमागहमी के बीच बीजेपी को बड़ी खुशखबरी मिली है. दरअसल, दादरा नगर हवेली, दमन और दीव (डीएनएचडीडी) संघ राज्य क्षेत्र में पांच नवंबर को हुए स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 122 में से 107 सीटों पर जीत हासिल की. इस ऐतिहासिक जीत के साथ बीजेपी ने सभी नगर परिषदों, जिला पंचायतों और ग्राम पंचायतों पर बहुमत हासिल कर लिया. पार्टी ने पहले ही 75 प्रतिशत से अधिक सीटें निर्विरोध जीत ली थीं. कांग्रेस को केवल दो सीटें मिलीं, जबकि शेष सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं, जिसमें बीजेपी के एक बागी उम्मीदवार भी शामिल हैं. नतीजे शनिवार को घोषित किए गए.

दमन जिला पंचायत और नगर परिषद में बीजेपी का दबदबा
इंडियन एक्सप्रेस अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक दमन जिला पंचायत की 16 सीटों में से 10 पर बीजेपी पहले ही निर्विरोध जीत चुकी थी. बाकी छह सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी ने पांच सीटें जीतीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार धर्मिष्ठा पटेल ने जीती, जिन्होंने मारवाड़ के वार्ड 1 से बीजेपी उम्मीदवार रीता बेन पटेल को हराया. दमन नगर परिषद (डीएमसी) की 15 सीटों में से 12 पर बीजेपी ने निर्विरोध जीत हासिल की थी. शेष तीन सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी ने दो सीटें जीतीं, जबकि एक सीट जयंतीलाल मित्तल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीती. मित्तल की बेटी अनीता जयंतीलाल मित्तल को 2020 में डीएमसी चुनाव में एक अन्य वार्ड से जीत मिली थी, लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया. इसके बाद जयंतीलाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और बीजेपी उम्मीदवार तांडेल लक्ष्मण को हराया. बीजेपी जिला अध्यक्ष भरत पटेल ने जयंतीलाल मित्तल को पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए छह साल के लिए निलंबित कर दिया.

दादरा नगर हवेली और दीव में भी बीजेपी का परचम
दादरा नगर हवेली जिला पंचायत की 26 सीटों में से 17 पर बीजेपी ने निर्विरोध जीत हासिल की. शेष नौ सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी ने सात सीटें जीतीं, जबकि दो सीटें कांग्रेस के उम्मीदवार सुरेशभाई राडिया (उमरकुई पंचायत) और अमरतभाई वरथा (किलवानी पंचायत) ने जीतीं. दीव जिला पंचायत की आठ सीटों में से पांच पर बीजेपी ने निर्विरोध जीत हासिल की और बाकी सभी सीटों पर भी पार्टी ने कब्जा जमाया. दमन नगर परिषद में बीजेपी ने 15 में से 14 सीटें जीतीं और दमन की ग्राम पंचायत की 16 सीटों में से 15 पर बीजेपी समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे. सिलवासा नगर परिषद की सभी 15 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की. इसी तरह, 26 ग्राम पंचायत सीटों में से 16 पर बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि बाकी सीटें कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों और निर्दलीयों के खाते में गईं.

2020 के स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी ने दमन जिला पंचायत में 16 में से 11 सीटें, दमन नगर परिषद में 15 में से 10 सीटें और सिलवासा नगर परिषद में 15 में से 14 सीटें जीती थीं. दादरा नगर हवेली जिला पंचायत में सभी सीटें बीजेपी के खाते में गई थीं, क्योंकि जद(यू) के निर्वाचित उम्मीदवार बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे. इस बार बीजेपी ने अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए लगभग सभी निकायों में पूर्ण बहुमत हासिल किया.