भोजपुर : बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है. कोइलवर थाना क्षेत्र में आधी रात आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने तीन होटल कारोबारियों पर घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की और गले से सोने की चेन तथा नकदी से भरा झोला लूटकर सोन नदी के रास्ते फरार हो गए. गनीमत रही कि तीनों कारोबारी बाल-बाल बच गए.
पहले से घात लगाए बैठे थे बदमाश : घटना गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 11:45 बजे की है. अतिथि रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल के संचालक अरविंद कुमार अपने पार्टनर अभिषेक कुमार और बबलू गांधी के साथ रोज की तरह होटल बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. जैसे ही वे कोइलवर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 स्थित शिव मंदिर के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन अपराधियों ने दोनों बाइकों को घेर लिया.
होटल कारोबारियों पर जानलेवा हमला
गमछा हटाने की कोशिश की तो बरसा दी गोलियां : पीड़ित अरविंद कुमार के अनुसार, सभी बदमाशों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था. अपराधियों ने सबसे पहले पीछे बैठे बबलू गांधी को पकड़ लिया. जब उन्होंने बदमाशों का चेहरा देखने के लिए गमछा खींचने की कोशिश की तो अपराधियों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद उनके गले से सोने की चेन और नकदी से भरा झोला छीन लिया.
“हमने बदमाशों का गमछा हटाने की कोशिश की तो उन्होंने चार राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद सोने की चेन और कैश लेकर सोन नदी की ओर भाग गए.” – अरविंद कुमार, पीड़ित कारोबारी
फायरिंग के बाद बरामद खोखे
दूसरे कारोबारी ने गली में भागकर बचाई जान : घटना के दौरान दूसरी बाइक पर सवार अभिषेक कुमार को भी अपराधियों ने पकड़ने की कोशिश की. उन्होंने अपनी बाइक सड़क पर छोड़ दी और जान बचाने के लिए गली की ओर भागते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर स्थानीय लोग बाहर निकलने लगे, जिसके बाद अपराधी उनका पीछा छोड़ सोन नदी की ओर भाग निकले.
खोखा और जिंदा कारतूस बरामद : सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल हुए खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. बाद में फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
बिहार में बेखौफ बदमाशों का तांडव
घनी आबादी वाले इलाके में वारदात से दहशत : जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वह कोइलवर चौक से आजाद कला मंदिर तक का घनी आबादी वाला इलाका है. यह सड़क आधा दर्जन से अधिक वार्डों को जोड़ती है और यहां देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है. ऐसे इलाके में फायरिंग और लूट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
‘जल्द होगी गिरफ्तारी’ : सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
बिहार में बेखौफ बदमाशों का तांडव
”पीड़ित पक्ष द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है. घटना में संलिप्त बदमाशों की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी, पुलिस छानबीन कर रही है.”- रंजीत कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ-2