बेगूसराय; खबर बेगूसराय से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक संजय गुप्ता की गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि विधायक और उनकी पत्नी की जान बच गई. मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक संजय गुप्ता अपनी पत्नी के साथ बंगाल चुनाव से लौटकर पटना में होने वाली विधायक दल की बैठक में शामिल होने जा रहे थे.
सड़क पर पलट गई गाड़ी
इसी दौरान बेगूसराय के जीरो माइल थाना क्षेत्र के पास उनकी गाड़ी को एक ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी सड़क पर पलट गई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.इस हादसे में विधायक संजय गुप्ता और उनकी पत्नी को हल्की चोटें आईं, जबकि ड्राइवर भी घायल हुआ. सभी को तुरंत बेगूसराय के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई.
अफरा-तफरी का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र कुमार अमर मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. इस हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.