BSEB ने जारी किया 12वीं का एडमिट कार्ड, जान लें इससे जुड़े नियम

बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड यानी BSEB ने इंटरमीडिएट (12th) के छात्रों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. यह एडमिट कार्ड बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड किया गया है. बोर्ड के अनुसार एडमिट कार्ड एक फरवरी 2026 तक ही ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा. बोर्ड ने पहले ही नोटिफिकेशन जारी कर यह बताया था कि स्टूडेंट्स खुद इस एडमिट कार्ड को डाउनलोड नहीं कर सकेंगे बल्कि उन तक एडमिट कार्ड पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल की होगी.

बिहार बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्रिंसिपल अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए ऑफिशियल वेबसाइट पर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. इसके प्रिंसिपल या प्रभारी सभी एडमिट कार्ड को चेक करवाकर और उन पर स्कूल की ऑफिशियल सील / साइन करने के बाद छात्रों को देंगे. एडमिट कार्ड छात्रों को देने के दौरान स्कूलों को पूरा रिकॉर्ड भी मेंटेन करना होगा.

बीएसईबी ने बताया कि इससे पहले छात्रों द्वारा ऑनलाइन भरे गए रजिस्ट्रेशन और परीक्षा आवेदन के आधार पर डमी एडमिट कार्ड जारी किए गए थे. डमी एडमिट कार्ड में पाई गई गलतियों को सुधारने का मौका भी दिया गया था. अब फाइनल एडमिट कार्ड जारी हो चुका है और इसमें किसी भी तरह का संशोधन या विषय परिवर्तन नहीं किया जाएगा. यदि इसके बाद भी कोई प्रधान या केंद्राधीक्षक नियमों का उल्लंघन करता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित परीक्षार्थी का परिणाम भी रोका जा सकता है.

बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि यह एडमिट कार्ड केवल उन्हीं छात्रों के लिए मान्य होगा जिन्होंने अपने संस्थान की सेंटअप परीक्षा (प्री बोर्ड एग्जाम) पास की है. सेंटअप परीक्षा में फेल, एबसेंट छात्रों को इंटर की फाइनल एग्जाम्स में बैठने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे छात्रों का एडमिट कार्ड भी जारी नहीं किया जाएगा.

नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश
इसके अलावा दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए श्रुति लेखक (लेखक सहायक) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे एग्जाम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा महसूस न करें. किसी भी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए छात्र हेल्पलाइन नंबर 0612-2230039 पर संपर्क कर सकते हैं या [email protected] पर ई-मेल भेज सकते हैं. बिहार बोर्ड ने सभी छात्रों और विद्यालय प्रबंधन से निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है ताकि एग्जामिनेशन प्रोसेस बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके.