PK के साथ गठबंधन कर सकते हैं चिराग पासवान! सीट बंटवारे को लेकर बिहार में प्रेशर पॉलिटिक्स: सूत्र

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा हो गई है, सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए तमाम दलों की बैठकों का दौर जारी है. एनडीए के तमाम दिग्गज नेता दिल्ली में हैं. मंगलवार को दिन भर बैठकों का दौर जारी है. इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि चिराग पासवान की पार्टी एक बार फिर सीट बंटवारे में बात नहीं बनने पर एनडीए से विद्रोह कर सकती है. जानकारी के अनुसार चिराग पासवान और प्रशांत किशोर विधानसभा चुनाव में गठबंधन कर सकते हैं.

इधर महागठबंधन में सीट को अंतिम रूप अभी तक नहीं दिया गया है. मुकेश सहनी फेसबुक लाइव करने वाले हैं. बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी तापमान चरम पर है. एनडीए और महागठबंधन दोनों खेमों में सीट बंटवारे को लेकर मंथन तेज हो गया है. दिल्ली से लेकर पटना तक नेताओं की बैठकों का दौर जारी है.

मंगलवार को दिनभर बैठकें होंगी जिनमें कई सीटों पर फाइनल फैसला लिया जा सकता है. वहीं, एनडीए और महागठबंधन में अब तक सीटों का फार्मूला तय नहीं हो सका है. इसी बीच मुकेश सहनी आज फेसबुक लाइव के ज़रिए बड़ा एलान कर सकते हैं.

एनडीए के बड़े नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार को लगातार बैठकें प्रस्तावित हैं. सूत्रों के मुताबिक जेडीयू, बीजेपी और हम (HAM) के बीच सीटों का अंतिम खाका लगभग तैयार है. कुछ सीटों पर अभी भी विवाद बरकरार है, जिस पर देर रात तक चर्चा चलने की उम्मीद है.