सीएम सम्राट चौधरी का मुजफ्फरपुर दौरा आज, 1047 करोड़ की 982 योजनाओं का करेंगे शिलान्यास

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले को करीब 1,047.09 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत बुडको (BUDCO) और स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से कुल 982 विकास योजनाओं की शुरुआत भी की जाएगी।

इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में सड़कों, नालों, पार्कों, घाटों, स्ट्रीट लाइटों और अन्य शहरी सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने प्रस्तावित दौरे और विकास योजनाओं की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की है।

सिकंदरपुर लेक फ्रंट मरीन ड्राइव का होगा उद्घाटन
मुख्यमंत्री सबसे पहले मुजफ्फरपुर पहुंचकर सिकंदरपुर लेक फ्रंट मरीन ड्राइव का उद्घाटन करेंगे और इसे आम लोगों के लिए समर्पित करेंगे। करीब 213.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शहर की नई पहचान माना जा रहा है। लेक फ्रंट परियोजना में आधुनिक शहरी सुविधाओं को शामिल किया गया है। यहां मरीन ड्राइव के साथ-साथ बोटिंग क्लब, फूड कोर्ट, कम्युनिटी हॉल, स्विमिंग पूल और मनोरंजन से जुड़ी अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। माना जा रहा है कि यह परियोजना पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।

एमआईटी मैदान में करेंगे जनसभा को संबोधित
लेक फ्रंट का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री एमआईटी कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां वे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित करेंगे तथा विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थलों और प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुजफ्फरपुर के डीएम कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने फकुली चेक पोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।