बिहार में लूटपाट करने आए बदमाश भीड़ के हत्थे चढ़े, जमकर पिटाई; एक की मौत

अररिया: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में शनिवार की देर रात लूटपाट करने पहुंचे पांच हथियारबंद बदमाश ग्रामीणों के साहस के कारण अपनी मंशा में कामयाब नहीं हो सके। ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। वहीं, ग्रामीणों की पिटाई से बचने के लिए रात के अंधेरे में भागते समय एक बदमाश की सुरहा नदी में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया है। उसकी पहचान की कोशिश जारी है। वहीं तीन अन्य बदमाश फायरिंग करते हुए गांव से भाग निकले। ग्रामीणों का आरोप है कि बदमाशों की फायरिंग से वार्ड-3 रमै निवासी नासिर का 12 वर्षीय बेटा अलिफ उर्फ गुल्लू घायल हो गया। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलते ही एसपी जितेंद्र कुमार व एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने मौके पर पहुंच जानकारी ली।

फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। पकड़ा गया बदमाश नरपतगंज के मधुरा निवासी मोहम्मद अताउर रहमान का पुत्र शाहिद है। थानाध्यक्ष के मुताबिक ग्रामीणों की पिटाई से उसकी हालत गंभीर है और उसका इलाज कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। नदी से बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

एसडीपीओ, मुकेश कुमार साहा ने कहा कि लूटपाट के दौरान एक बदमाश को पकड़कर बंधक बनाया गया। दूसरे की नदी में डूबने से मौत हो गई। फायरिंग की भी बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।