मुंगेर: बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने फोन करके जान से मारने की धमकी दी है। मुंगेर पुलिस ने गुजरात के साणंद से उसकी गिरफ्तारी कर ली है। आरोपी की पहचान बांका के मूल निवासी शेखर यादव के रूप में की गई है। मुंगेर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ला रही है। इस खबर के सामने आने के बाद राज्य के पुलिस महकमे में खलबली मच गयी है। धमकी दिए जाने के बाद बिहार पुलिस कांड दर्ज करके गुप्त तरीके से छानबीन कर रही थी।
समाचार चैनल न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी गुजरात में रहकर मजदूरी कर रहा था। वह बांका जिले का रहने वाला है। उसके मोबाइल से सीएम को जान से मर देने का कॉल किया गया था। इस मामले में मुंगेर के संग्रामपुर थाने में केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही थी। वैज्ञानिक जांच में मोबाइल का टावर लोकेशन गुजरात मिला। बिहार पुलिस ने गुजरात जाकर अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया और फिर मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।