रोड किनारे नहीं लगाएं गाड़ी, नीतीश सरकार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार का फरमान जान लें

बिहार में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग बड़ा कदम उठाने जा रहा है। परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने चारपहिया वाहनों को सड़क किनारे छोड़ने के कारण बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है ऐसे गाड़ी पार्क करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोई भी चारपहिया वाहन चाहे ट्रक, ट्रैक्टर या बस यदि सड़क किनारे दो दिन या उससे अधिक समय तक खड़ा पाया गया, तो चालक और वाहन मालिक दोनों के खिलाफ अविलंब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को ऐसे वाहन चालकों और वाहन मालिकों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसमें भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और लाइसेंस निलंबन जैसी सजाएं हो सकती हैं। मंत्री ने इसके लिए अहम बिंदुओं पर विभागीय अधिकारियों को विचार करने कहा है।

घने कोहरे के कारण ठंड में दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं
ठंड के मौसम में घना कोहरा रहता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में भारी इजाफा हो जाता है। सड़क किनारे खड़े लावारिस वाहन दृश्यता कम होने के कारण हादसों का कारण बन जाते हैं। कई बार तेज रफ्तार वाहन इन खड़े ट्रकों से टकरा जाते हैं, जिससे जान-माल की क्षति होती है। इन दुर्घटनाओं से बचने के लिए विभाग तैयारी कर रहा है। घने कोहरे में एक साथ कई गाड़िया टकरा जाती हैं जिनमें काफी नुकसान हो जाता है। बिहार सरकार जनता की सुरक्षा को लेकर काफी सक्रिय है। सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से गाड़ियां लगाने पर बगैर किसी गलती के लोगों की जान चली जाती है।

देश भर में सड़क हादसों में कमी लाने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। बिहार सरकार भी इस पर काम कर रही है। सड़क हादसों में अक्सर परिवार तबाह हो जाता है। मौत पर सरकार पर मुआवजे का बोझ भी बढ़ता है। इसे देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।