समस्तीपुर. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को समस्तीपुर की चुनावी रैली में विपक्ष पर करारा निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर भी तंज कसा और कहा कि “कुछ लोगों ने सिर्फ अपने परिवार को आगे बढ़ाया, लेकिन हमने बिहार की जनता को आगे बढ़ाने का काम किया.” सीएम नीतीश ने कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती के साथ बिहार चुनाव में उतर रहा है और जनता को भ्रमित करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी. उन्होंने मंच से जनता से अपील करते हुए कहा, “कोई इधर से उधर नहीं होगा… हमलोग साथ रहेंगे… इधर-उधर वोट मत दीजिएगा, हमें वोट दीजिएगा.”
अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “बहुत खुशी की बात है कि पीएम मोदी समस्तीपुर पधारे हैं. वे देशभर के साथ बिहार के विकास के लिए भी बहुत काम कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार करने की दिशा में जो कदम उठाए हैं, उससे राज्य की गरीब और पिछड़ी जनता को बहुत लाभ मिला है. नीतीश कुमार ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी खुद कर्पूरी ठाकुर के गांव जाकर वहां की स्थिति को देख रहे हैं और यह दिखाता है कि केंद्र सरकार बिहार के विकास को लेकर कितनी गंभीर है.
वहीं रैली में नीतीश कुमार ने अपने पुराने अंदाज़ में महागठबंधन पर निशाना साधा. उन्होंने बिना नाम लिए कहा, “कुछ लोग हैं जो हमेशा अपने परिवार को ही आगे बढ़ाते रहे. हमने बिहार के हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ाने का काम किया है. बिहार को हमने सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य में नई पहचान दिलाई है.” उन्होंने कहा, “कोई इधर से उधर नहीं होगा, हम सब एक हैं और जनता के आशीर्वाद से फिर सरकार बनाएंगे.” नीतीश कुमार ने लोगों से एनडीए उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की और कहा कि बिहार का विकास अभियान अब रुकने वाला नहीं है.