बिहार से निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों को फोन आना शुरू, 10 अप्रैल को होगा शपथ ग्रहण समारोह, नीतीश पर सबकी नजरें

नई दिल्ली/पटना. राज्यसभा के लिए निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें हाल ही में चुने गए सभी सदस्य शपथ लेंगे. इसको लेकर नवनिर्वाचित सदस्यों को औपचारिक सूचना भी भेजी जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, बिहार के निर्वाचित राज्यसभा सांसदों को फोन आना शुरू हो गया है. अब ऐसे में बिहार से निर्वाचित सांसद 10 अप्रैल को राज्यसभा के लिए शपथ लेंगे.

जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित सदस्य शिवेश राम को राज्यसभा के रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से फोन कर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की जानकारी दी गई है. इसके साथ ही अन्य निर्वाचित सदस्यों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सूचित किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस समारोह में बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत कई अन्य नवनिर्वाचित सदस्य भी शपथ ले सकते हैं. हालांकि आधिकारिक सूची का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

बिहार से निर्वाचित हुए एनडीए के 5 सांसद
बता दें, इस बार बिहार से राज्यसभा के लिए नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम निर्वाचित हुए हैं. इस बार विपक्ष की ओर से अमरेन्द्र सिंह धारी को भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया था लेकिन वह चुनाव हार गए थे. वहीं बिहार से एनडीए के पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया था और पांचों उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी.

नीतीश कुमार पर सबकी नजरें!
राज्यसभा में शपथ ग्रहण की प्रक्रिया के तहत सभी नए सदस्य सभापति के समक्ष शपथ लेते हैं, जिसके बाद वे उच्च सदन की कार्यवाही में भाग लेने के पात्र हो जाते हैं. ऐसे में 10 अप्रैल का यह कार्यक्रम खासा अहम माना जा रहा है. बिहार की राजनीति के लिहाज से भी यह शपथ ग्रहण समारोह काफी महत्वपूर्ण है. खासकर नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच इस कार्यक्रम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस घटनाक्रम का राज्य की सियासत पर क्या असर पड़ता है.