गया; गया में सोमवार की सुबह ड्रग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. शहर के पीपरपाती मोहल्ले में पूर्व सांसद के मकान में सुबह सुबह पुलिस की छापेमारी की गई है. जानकारी अनुसार पूर्व सांसद के मकान में रह रहे किराएदार के कमरे में ड्रग विभाग की रेड हुई. छापेमारी में करीब 50 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई हैं. कार्रवाई ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी
इस मामले में एक महिला समेत नकली दवा कारोबार से जुड़े विकास कुमार को हिरासत में लिया गया है. बताया जा रहा है कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित और संदिग्ध दवाएं बरामद हुईं. पुलिस और ड्रग विभाग की टीम पूरे मकान में जांच-पड़ताल कर रही है. अधिकारियों द्वारा बरामद दवाओं की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली दवाओं का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है.
अब तक क्या क्या हुआ?
सुबह सुबह जानकारी सामने आई कि, कोतवाली थाना इलाके के न्यू एरिया पीपरपांती मोहल्ले में पूर्व सांसद रंजीत उर्फ रन सिंह के आवास स्थित मत्स्य विभाग के कार्यालय आवासन स्थल में जिला पुलिस ने बड़ी छापेमारी की है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली और नशीली दवाओं के साथ दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद होने की सूचना है. कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
क्या है पूरा मामला
सूत्रों के अनुसार भवन के नीचे पशुपालन और मत्स्य विभाग का कार्यालय संचालित होता है, जबकि ऊपरी हिस्से में ताला बंद कमरे में यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा था. पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम को यहां से दवा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कई संदिग्ध सामग्री भी मिली है. कई थानों की पुलिस और ड्रग विभाग की टीम मौके पर जांच-पड़ताल में जुटी थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है. जांच के बाद नकली और नशीली दवाओं के नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं.