पटनाः NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के बाद बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया. हॉस्टल में छात्रा से रेप के आरोप लगे, जिसके बाद अब बिहार सरकार ने सभी गर्ल्स हॉस्टल की जांच का आदेश दिया है. डीजीपी से लेकर पटना के एसपी तक को एक पत्र जारी किया गया. जिसमें सभी जिलों के महिला छात्रावास की जांच के लिए टीम बनाने का और हॉस्टल की जांच करने का आदेश दिया गया है.
महाधिवक्ता कार्यालय की ओर से बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, राज्य के सभी नौ प्रमंडलों के आयुक्त, पटना के डीएम और एसपी को पत्र भेजा गया है. सरकार ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संचालित महिला और बालिका छात्रावास, आवासन गृह और आश्रय गृहों को चिह्नित कर उनकी विस्तृत सूची तैयार करें. इसके बाद महिला दंडाधिकारी के नेतृत्व में महिला पुलिस पदाधिकारी और अन्य महिला कर्मियों की विशेष टीम गठित की जाएगी, जो इन सभी स्थलों का निरीक्षण करेगी.
क्या-क्या चेक किया जाएगा?
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, रजिस्टर, सीसीटीवी, प्रवेश-निकास, रहने की स्थिति और प्रशासनिक निगरानी जैसे बिंदुओं की गहन जांच की जाएगी. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके और किसी भी तरह की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की जाए. नीट छात्रा की मौत के बाद यह कदम राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता को दर्शाता है. प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक सुधार और सख्त कदम उठाए जाएंगे.
पटना में NEET एस्पिरेंट के साथ क्या हुआ था?
पीड़ित छात्रा पटना में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी और एक गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी. 26 दिसंबर को छात्रा का पूरा परिवार अचानक हॉस्टल पहुंचा और उसे जहानाबाद स्थित घर ले गया. इस दौरान CCTV फुटेज में छात्रा और परिजनों का व्यवहार जांच के दायरे में आया. छात्रा 26 दिसंबर से 5 जनवरी तक घर पर रही. इस दौरान उसकी मानसिक स्थिति, मोबाइल सर्च हिस्ट्री और संपर्कों की जांच की जा रही है. 5 जनवरी को छात्रा पटना लौटी. इसी दिन रात 9:30 बजे से घटनाक्रम को सबसे अहम माना जा रहा है. 5 जनवरी रात 9:30 बजे से 6 जनवरी दोपहर 2 बजे तक हॉस्टल में गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. इस दौरान 17 घंटे का CCTV फुटेज गायब या उपलब्ध न होने का सवाल उठा. 6 जनवरी को छात्रा की हालत गंभीर हुई और बाद में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पोस्टमार्टम और FSL जांच में छात्रा के कपड़ों पर स्पर्म मिलने के बाद रेप की आशंका सामने आई. इसके बाद मामला दर्ज हुआ.