नेपाल से बिहार आकर रुकी ‘दूल्हे की कार’, अंदर बोरियों में रखा था 3 करोड़ का माल, खुल गया तस्करी का खेल

सीतामढ़ीः बिहार के सीतामढ़ी से चौंकाने वाली खबर सामने आई. जहां बारात में ले जाने वाली गाड़ी की तरह सजी एक कार बॉर्डर पर आई. फूल मालाओं से सजी कार में दूल्हे नहीं बल्कि दो सगे भाई बैठे हुए थे. STF की टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की. तलाशी में डिक्की के अंदर कई बोरियां रखी हुई थीं. पुलिस ने उन्हें खुलवाया तो हैरान रह गई. उनके अंदर से तकरीबन 3 करोड़ की कीमत का गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने तस्करी को आरोप में 2 सगे भाइयों को अरेस्ट किया.

नेपाल से बिहार लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप को बिहार STF और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा. सीतामढ़ी के सुरसंड थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में 142.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 3 करोड़ से ज्यादा कीमत है. पुलिस ने मौके से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से नेपाल से गांजे की तस्करी कर बिहार में सप्लाई कर रहे थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार को रोका, जिसे शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाली दूल्हे की गाड़ी की तरह फूल-मालाओं से सजाया गया था, ताकि किसी को शक न हो.

मोटर साइकिल से भी गांजा तस्करी
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था. मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान परिहार थाना क्षेत्र के मसहा गांव निवासी विकाश महतो उर्फ विकाश कुमार और उसके सगे भाई अमृत कुमार को गिरफ्तार किया. दोनों उमेश महतो के पुत्र बताए जा रहे हैं. गिरफ्तार तस्करों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मुख्य अभियुक्त विकाश महतो ने स्वीकार किया है कि वह नेपाल से अवैध रूप से गांजा लाकर बिहार के कई इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था. पुलिस के अनुसार वह इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना है. पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ सुरसंड थाने में मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.