बिहार: प्रेमी की बेवफाई से नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, शादी से मुकरने का आरोप

सारण। सारण जिले के अमनौर प्रखंड की शेखपुरा पंचायत के पकरी महमद गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह के शांत माहौल में हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चल रहा है।

सुबह पांच बजे टावर पर चढ़ी
युवती की पहचान गांव निवासी उपेंद्र कुमार सिंह की पुत्री मौसम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे वह गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लोगों की नजर जब टावर पर गई तो हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाने लगे।

प्रेम प्रसंग को लेकर बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवती का आरोप है कि गांव के ही आलोक कुमार नामक युवक से पिछले करीब छह माह से उसकी बातचीत और प्रेम संबंध था। इस दौरान युवक ने उससे शादी का वादा किया था। युवती ने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा देकर युवक ने कई बार शारीरिक संबंध बनाया, लेकिन अब वह शादी से मुकर गया है। इतना ही नहीं, उसने युवती से बातचीत भी बंद कर दी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।

आक्रोश में उठाया बड़ा कदम
बताया जा रहा है कि युवक के व्यवहार से नाराज युवती ने विरोध जताने के लिए यह कदम उठाया। टावर पर चढ़ी युवती लगातार अपनी बात लोगों के सामने रखती रही। नीचे खड़े ग्रामीण उसे शांत कराने का प्रयास करते रहे। घटना की खबर आसपास के गांवों में भी तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए, जबकि महिलाएं और बुजुर्ग युवती को समझाने में जुटे रहे।

टावर के पास पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भीड़ नहीं लगाने और शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं मामले को लेकर गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

ग्रामीण एवं पुलिस समझाने में जुटे
समाचार लिखे जाने तक पुलिस और ग्रामीण युवती को समझाने में जुटे थे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवती के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।