गया: बिहार के बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने परिवारिक कलह से तंग आकर अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान बृजेश प्रथम के रूप में हुई है, जो अनुसूचित जाति-जनजाति प्राथमिक विद्यालय, गोपालपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे. वे शेरघाटी में किराए के मकान में रहते थे.
आत्महत्या नोट में पत्नी और बेटे का जिक्र: मौके से बरामद आत्महत्या नोट में ब्रजेश प्रथम ने परिवार में चल रहे कलह का जिक्र किया है. नोट में उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे से परेशान होने की बात लिखी है. पुलिस के अनुसार, काफी दिनों से घरेलू तनाव के कारण वे मानसिक रूप से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया.
प्रधानाध्यापक ने आत्महत्या की
रोहतास के रहने वाले थे प्रधानाध्यापक: मृतक ब्रजेश प्रथम मूल रूप से रोहतास जिले के डालमिया नगर क्षेत्र के निवासी थे. उनकी पत्नी सुषमा देवी ने बताया कि सुबह उनसे मोबाइल पर बातचीत हुई थी और किसी प्रकार का विवाद नहीं था. उन्होंने कहा कि अचानक यह घटना हो गई, जिसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार अभी सदमे में है.
परिवार का दावा- कोई विवाद नहीं था: पत्नी सुषमा देवी का कहना है कि घर में कोई बड़ा विवाद नहीं चल रहा था. वे इस घटना से स्तब्ध हैं और कारण समझ नहीं पा रही हैं. पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
“किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था. बीते सुबह को भी उनसे मोबाइल पर बातचीत हुई थी. किस कारण उन्होंने इस तरह का कदम उठाया है, बता नहीं सकते हैं.”-सुषमा देवी, पत्नी
एक महीने से किराए के मकान में थे प्रधानाध्यापक: स्थानीय किराएदार महिला शिक्षिका अनिला कुमारी ने बताया कि ब्रजेश प्रथम परिवार सहित यहां सिर्फ एक महीने से रह रहे थे. उन्होंने ही सबसे पहले घटना की जानकारी पुलिस को दी. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
“वे यहां एक महीने से किराए के मकान में रह रहे थे. मैंने उनको कमरे में लेटा देखा फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस पहुंची.”-अनिला कुमारी, किराएदार महिला शिक्षिका
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा: शेरघाटी थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है. आत्महत्या नोट को सबूत के रूप में रखा गया है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है.
“एक शिक्षक के आत्महत्या करने की घटना सामने आई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पूरे मामले को देखा जा रहा है.”-दीपक कुमार, थानाध्यक्ष, शेरघाटी
मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता की जरूरत: एक सरकारी शिक्षक के इस कदम से स्थानीय शिक्षक समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है. घटना ने घरेलू तनाव और मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं को लेकर फिर से चर्चा छेड़ दी है. अगर आप परेशान हैं और इस तरह का ख्याल आता है तो अपने दोस्त या रिश्तेदार या फिर किसी करीबी से बात करें. इससे भी समस्या का हल नहीं होता है तो इन नंबर पर तुरंत संपर्क करें.