‘अरे आप क्यों भाग रहीं…’, जब भाषण देते-देते भड़क गए नीतीश कुमार, महिलाओं पर क्यों बरसे

Bihar CM Nitish Kumar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अभी समृद्धि यात्रा पर हैं. वह बिहार के अलग-अलग जिलों में जा रहे हैं. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को उस समय भड़क गए, जब उन्होंने देखा कि महिलाओं का एक समूह उनके भाषण के दौरान वहां से जा रहा है. नीतीश कुमार उस वक्त अपना आपा खो बैठे और महिलाओं पर बरस पड़े. उस वक्त वे अपनी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए किए कामों के बारे में बता रहे थे.

भाषण देते वक्त ही सामने का नजारा देख नीतीश कुमार उखड़ गए. सबसे लंबे समय तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने गुस्से में कहा, ‘आप सभी महिलाएं क्यों भाग रही हैं? अगर आप रुककर सुनेंगी नहीं, तो आपको कैसे पता चलेगा कि आपके लिए क्या किया जा रहा है?’. नीतीश कुमार दो महीने से भी कम समय में 76 साल के हो जाएंगे.

नीतीश कुमार तब भड़के, जह वग बिहार के सीवान जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. यहां वे एक हफ्ते पहले शुरू हुई राज्यव्यापी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत गए थे. नीतीश कुमार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मुख्यमंत्री ने सीवान में 202 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया. 157 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि 45 करोड़ रुपये की 31 और परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया.

जेडी(यू) प्रमुख नीतीश कुमार को महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बहुत कुछ करने पर गर्व है. माना जाता है कि इसी वजह से वे राज्य की महिला मतदाताओं के बीच लोकप्रिय भी हैं. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई लोग मौजूद थे.

हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब नीतीश कुमार का मंच पर अजीबोगरीब अंदाज दिखा है. इससे पहले वह एक महिला को माला पहनाने के कारण विवाद में आ चुके हैं. उससे पहले नियुक्ति पत्र देते वक्त एक महिला का नकाब हटाने को लेकर भी वह चर्चा में आए थे. उसके कारण तो खूब हंगामा भी हुआ था. सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया था.