बिहार में प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंजाम, प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज युवक ने घर में घुसकर मारी गोली, खुद भी दी जान

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 24 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज पीएमसीएच पटना में चल रहा है.

गोलीबारी में युवक की मौत: घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है. युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की पीठ में गोली मारी, जिसके बाद वह खुद अपने सिर में गोली मार बैठा. युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.

युवक ने खुद को सिर में गोली मार ली
हथियार न मिलने से मामला उलझा: पुलिस के अनुसार घटना स्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे पूरा मामला और उलझ गया है. युवती के पीठ में और युवक के सिर में गोली लगी थी. घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है.

प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज था प्रेमी: बताया जा रहा है कि युवती की अगले दो महीने में शादी तय थी. प्रेमी इस बात से नाराज था. युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि युवक घर में घुसकर रुपये लूटने के इरादे से आया था, लेकिन जब बेटी ने विरोध किया तो उसने गोली चला दी. वहीं प्रेम-प्रसंग को लेकर भी चर्चा है कि शादी की बात सामने आने पर युवक ने यह कदम उठाया.

“बेटी की शादी अगले महीने होने वाली थी और घर में शादी के लिए चार लाख रुपये रखे थे. युवक को इसकी जानकारी मिल गई थी और वह रुपये लूटने के इरादे से उनके घर में घुसा था. जब बेटी ने विरोध किया, तो उसे गोली मार दी.”-युवती के पिता

मृतक युवक की पहचान और पृष्ठभूमि: मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के के 24 वर्षीय युवक के रूप में हुई है. युवती के पिता ने आरोप लगाया कि युवक बदमाश प्रवृत्ति का था और हाल ही में जेल से बाहर आया था. वहीं युवक के परिवार ने अलग आरोप लगाए हैं, जिससे मामला और जटिल हो गया है.

पुलिस की जांच और एसपी का बयान: वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि इमादपुर गांव में एक युवक ने प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. प्रेम प्रसंग की बात कही जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है. पुलिस दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

“इमादपुर गांव में एक युवती को एक युवक ने गोली मार दिया और उसके बाद खुद से उसने अपने आप को भी गोली मारकर आत्महत्या कर लिया. प्रेम प्रसंग की बात कही जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं एफएलसीएल की टीम पहुंच सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं.”-विक्रम सिहाग, एसपी, वैशाली