कटिहार। Katihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार की शाम मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार बस ने एक ही झटके में 13 जिंदगियां लील लीं और 32 लोगों को जिंदगी-मौत के बीच ला खड़ा किया।
दुर्घटना कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में दादपुर और बसगारा चौक के बीच हुई। पीछे से एक कार और टोटो को टक्कर मारकर तेज रफ्तार में भाग रही बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पिकअप वैन से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान बस की चपेट में एक स्कार्पियो और तीन बाइक भी आ गईं।
मृतकों में पिकअप पर सवार के साथ-साथ एक बाइक चालक भी शामिल हैं। बाइक सवार की पहचान पूर्णिया जिले के बीकोठी महादेव टोला निवासी सदानंद मुर्मू (32) के रूप में हुई है। वह कोढ़ा के मड़वा से घर लौट रहे थे।
पिकअप पर सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहवा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग झारखंड के साहेबगंज के भोगनाडीह से पूजा कर लौट रहे थे। पिकअप पर 35 से अधिक लोग सवार थे। पिकअप पर लगे बैनर पर जियन मारांग बुरु जय शंकर सहित अन्य विवरण अंकित है।
मृतकों में राधिका हांसदा (13) पिता बबलू हांसदा, तलवी देवी पति (40) पति बबलू हांसदा, पप्पू हांसदा, तलपू सोरेन पति ताला हांसदा, ताला हांसदा पति ढेना टुड्डू, बेटिया मरांडी पति अंजु हांसदा, पप्पू देवी पति ननकू हांसदा, पिकअप चालक चिंतामणी महतो (35), सदानंद मुर्मू व एक अज्ञात महिला शामिल हैं।
इनके अलावा पूर्णिया मेडिकल कालेज अस्पताल में उपचार के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान तल्लू सोरेन, दुर्गा बासुकी व रंजीता हेंब्रम के रूप में हुई। घायलों में चंदन शर्मा, नन्कू हंसदा, तुलुक मूर्म, राजीव मूर्मू, अनूप लाल टूडू, सुमन टूडू, राजेश हंसदा, अमीना देवी, रविन्द्र कुमार आदि शामिल हैं।
इनके अलावा घटना में स्कॉर्पियो सवार और दो अन्य बाइक चालक समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
अस्पताल प्रबंधन ने 32 घायलों की पुष्टि की है। पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि कटिहार में 10 एवं पूर्णिया मेडिकल कालेज अस्पताल में तीन लोगों की मौत हुई है। घायलों के उपचार के लिए डॉक्टरो की टीम लगी हुई है।
आधे घंटे तक सीट पर फंसा रहा बस चालक
बस पूर्णिया से भागलपुर जा रही थी। टक्कर के बाद बस चालक भी आधा घंटे तक अपनी सीट पर फंसा रहा। बस के यात्री घटना के बाद अन्य वाहनों से गंतव्य की ओर चले गए। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
तेज रफ्तार से भाग रही थी बस
दुर्घटना वाली जगह पर सड़क चौड़ी है लेकिन डिवाइडर नहीं है। प्रत्यदर्शी रीता कुमारी, रितेश कुमार और रंजन आदि के अनुसार बस की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रतिघंटा से भी अधिक थी। पिकअप में ठोकर मारने के बाद बस ने स्कॉर्पियो और तीन बाइक में भी ठोकर मारी।
इसके पहले भी बस ने हरदा बाजार, गेड़ाबाड़ी मछली पट्टी के नजदीक कार और टोटो में भी टक्कर मारी थी। इसके बाद कुछ बाइक सवार बस का पीछा कर रहे थे।
मृतकों को 2-2 लाख की सहायता
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मृतकों के स्वजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
अस्पताल पहुंचे डीएम
अपनों को खोने के गम में परिजन बिलखते नजर आए और चारों ओर चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
डीएम ने बताया कि मृतकों के स्वजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह, डीएस डॉ. शंभु चौधरी सहित एसडीओ, एसडीपीओ और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जताया दुख
कटिहार में हुई घटना से दुखी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है।
सांसद पप्पू यादव ने जताया गहरा शोक
सिन्हू-कानू की पूजा कर झारखंड से लौट रहे आदिवासी समाज के श्रद्धालुओं की कोढ़ा में बस और मैजिक की भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौत तथा दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की दुखद सूचना मिलने पर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
घटना में मरने वाले और घायल लोग पूर्णिया पूर्वी के निवासी हैं। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और यह पूरे समाज के लिए पीड़ादायक क्षण है।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि आदिवासी समाज के लोग पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद पप्पू यादव ने अपने प्रतिनिधि राजेश यादव सहित अन्य सहयोगियों को तत्काल जीएमसीएच भेजा, ताकि घायलों को बेहतर इलाज में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कुछ घायलों का इलाज जीएमसीच और कुछ का इलाज कटिहार में चल रहा है। सांसद ने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना हम सभी का मानवीय दायित्व है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद की जाएगी।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि राजेश यादव ने कहा कि घायलों के उपचार की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा अस्पताल प्रशासन से समन्वय कर हर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें इस कठिन समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सांसद पप्पू यादव ने प्रशासन से दुर्घटना की जांच कर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।