कैमूर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-कंटेनर भिड़ंत से 3 की मौत, 7 घायल

कैमूर: Kaimur Road Accident: बिहार के कैमूर जिले से बड़ी खबर आ रही है. यहां दुर्गावती थाना क्षेत्र के छज्जूपुर पोखरा के पास एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि रोहतास जिले से उत्तर प्रदेश जा रही एक स्कॉर्पियो ने कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं. वहीं सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से चार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

हादसे की खबर मिलते ही एनएचएआई की टीम और दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह वाहन से घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया. मरने वालों की पहचान झारखंड के अंसार नगर निवासी अबूदीन अंसारी के पुत्र 48 वर्षीय मुस्लिम अंसारी, रोहतास जिले के नेकरा गांव निवासी जफर अली अंसारी के पुत्र 45 वर्षीय मुन्ना अंसारी और उमर अंसारी की पत्नी 60 वर्षीय रजिया खातून के रूप में हुई है.

वहीं घायलों में हजरा खातून, उमर अंसारी और अशरफ अंसारी शामिल बताए जाते हैं. अन्य घायलों की पहचान की कोशिश की जा रही है. इस हादसे में घायल परिजनों के रिश्तेदार मंसूर आलम अंसारी ने सदर अस्पताल भभुआ पहुंचकर जानकारी दी कि सभी लोग सासाराम थाना क्षेत्र के नेकरा गांव से उत्तर प्रदेश जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. उन्होंने गरीब परिवारों से ताल्लुक रखने वाले मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजे की मांग की है. वहीं दुर्गावती थाना के एसआई विजेंद्र कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो सासाराम से बनारस की तरफ जा रही थी, तभी छज्जूपुर पोखरा के पास कंटेनर से टकरा गई. हादसे में तीन लोगों की मौत और सात लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.