बहन के साथ स्कूल गया था, देखा तो जली हुई थी; बोला भाई, पटना के स्कूल में छात्रा की मौत बनी पहेली

पटना में गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अमलाटोला कन्या मध्य विद्यालय में 27 अगस्त को पांचवी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में जलकर हुई मौत की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है। छात्रा की हत्या हुई या उसने खुदकुशी की यह अब भी पहेली बनी हुई है। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। रविवार को भी पुलिस ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। छात्रा के भाई ने पुलिस को बताया है कि घटना के दिन वह बहन के साथ ही स्कूल गया था। वह बगल के ब्वायज स्कूल में पढ़ता है। सुबह 10 बजे के करीब उसके स्कूल में शोरगुल सुना कि गर्ल्स स्कूल में आग लगी है। जब मैं वहां गया तो देखा बहन आग से झुलस हुई है। पुलिस ने छात्रा के मां और पिता से भी रविवार को दोबारा पूछताछ की।

पुलिस ने सबसे पहले पहले छात्रा के घर जाकर कमरे और आसपास की जगह को देखा। कहीं भी किरोसिन या अन्य पदार्थ नहीं मिला। परिवार गरीब है। गर्दनीबाग के थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच टीम गहन अनुसंधान में जुटी है। परिजनों के अलावा स्कूल के शिक्षकों से लंबी पूछताछ की गई है। जल्द ही पुलिस घटना को लेकर नतीजे पर पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की संभावना है। पुलिस ने छात्रा के स्कूल बैग को जब्त कर लिया है।

कन्या मध्य विद्यालय अमलाटोला में बुधवार को आग से जलने से छात्रा की हुई मौत के मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को रविवार को निलंबित कर दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी साकेत रंजन ने कार्रवाई करते हुए यह आदेश दिया। दरअसल, जिस दिन विद्यालय में यह घटना घटी उस दिन प्रधानाध्यापिका कुमारी प्रेमलता विशेष अवकाश पर थीं। उनकी जगह पर सहायक शिक्षक कमलेश कुमार को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाया गया था। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कुमारी प्रेमलता ने भी डीईओ को निलंबन पर पुन: विचार करने और उन्हें निलंबन मुक्त करने को लेकर आवेदन दिया है। वह 26 अगस्त से 28 अगस्त तक अवकाश में थीं।