बांका; बिहार के बांका जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है. यहां 60 साल की एक महिला को अपने से 25 साल छोटे युवक से प्यार हो गया. इश्क का खुमार ऐसा चढ़ा कि महिला घर-बार छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई और शादी रचा ली. रविवार (11 जनवरी) को जब यह जोड़ा वापस लौटा, तो अमरपुर बस स्टैंड पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. महिला के पति और बेटे ने प्रेमी को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी.
अमरपुर बस स्टैंड पर हाई वोल्टेज ड्रामा
जानकारी के अनुसार, महिला और उसका 35 वर्षीय प्रेमी किसी काम से अमरपुर बस स्टैंड पहुंचे. इसी दौरान महिला के पति और बेटे की नजर उन पर पड़ गई. गुस्साए परिजनों ने प्रेमी की भरे बाजार में पिटाई शुरू कर दी. देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
4 महीने पहले फोन से शुरू हुई लव स्टोरी
भीड़ के सामने महिला ने खुद अपनी लव स्टोरी का खुलासा किया, जिसे सुनकर लोग दंग रह गए. महिला ने बताया कि करीब 4 महीने पहले फोन के जरिए उसकी बातचीत आरा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के धोबरी गांव निवासी वकील मिश्रा (35 वर्ष) से शुरू हुई थी. बातों का सिलसिला प्यार में बदल गया. इसके बाद दोनों ने भागलपुर स्टेशन पर मिलने का फैसला किया और वहां से लुधियाना भाग गए. महिला का दावा है कि उन्होंने लुधियाना में शादी कर ली है और वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ पत्नी की तरह रह रही थी.
मामले की गंभीरता से जांच कर रही पुलिस
बीच सड़क पर मारपीट की खबर मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ के चंगुल से प्रेमी और महिला को छुड़ाया और उन्हें सुरक्षित थाने ले आई. अमरपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि फिलहाल दोनों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, 60 वर्षीय प्रेमिका और 35 वर्षीय प्रेमी की यह प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.