बिहार में घर में सो रही छात्रा पर एसिड अटैक, चेहरे पर रिश्तेदार ने फेंका तेजाब

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय लड़की, जो अपनी मां के साथ घर में सो रही थी, उस पर उसके दूर के रिश्तेदार ने एसिड अटैक कर दिया. सोई हुई लड़की के चेहरे पर एसिड फेंकने से उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया. लड़की कोटवा में बीए पार्ट-3 की छात्रा है और यह हमला परिवार के पुराने झगड़े का नतीजा माना जा रहा है.

पाड़िता की हालत गंभीर: परिजनों ने शुरू में घटना को पुलिस से छुपाने की कोशिश की, लेकिन निजी अस्पताल ने सूचना देकर पुलिस को मामले की जानकारी दी. फिलहाल घायल लड़की का इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

रात को घर में घुसा आरोपी: घटना की जानकारी देते हुए लड़की की मां ने बताया कि रात के करीब रात 11 बजे वह अपनी बेटी के साथ घर में सो रही थी. अचानक बेटी चिल्लाई, ‘मां, मेरा चेहरा जल रहा है.’ उसने तुरंत देखा तो बेटी के चेहरे से धुआं उठ रहा था और त्वचा झुलस रही थी. उसने चिल्लाकर सभी को बुलाया। पड़ोसी भी दौड़कर आए और लड़की को तत्काल कोटवा के निजी अस्पताल ले जाया गया.

“हमारा घर छोटा-सा है. बेटी सो रही थी, तभी किसी ने दरवाजा खोला और अंदर घुस आया. उसने लाइट जलाई और सीधे मेरी बेटी के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया. जब तक हम कुछ समझ पाते, वह भाग गया.”-पीड़िता की मां

क्या कहती है पीड़िता: लड़की ने अस्पताल में पूछताछ के दौरान बताया कि आरोपी उसका दूर का रिश्तेदार है, जो चाचा के घर से जुड़ा हुआ है. उसके मुताबिक, परिवार में पहले से ही चाचा के घर वालों से झगड़ा चल रहा था. लड़की ने खुलासा किया कि आरोपी युवक और वह पहले बातचीत करते थे, लेकिन किसी कारणवश विवाद हो गया था. वहीं रात को घर में घुसकर युवक ने लड़की के चेहरे पर एसिड डाल दिया और भाग गया. लड़की बीए पार्ट-3 की पढ़ाई कर रही है.

“वह दरवाजा खोलकर आया, लाइट जलाई और बिना कुछ कहे एसिड मेरे चेहरे पर फेंक दिया. दर्द इतना तेज था कि मैं चीख उठी.”-पीड़िता

पुलिस को नहीं दी थी सूचना: परिजनों ने शुरू में पुलिस को सूचना नहीं दी थी. लड़की की मां ने बताया कि वे डर गई थी और सोचा कि घरवालों के झगड़े को सुलझा लेंगे लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घायल लड़की की हालत देखते हुए पताही थाने को सूचना दे दी. लड़की के भाई ने कहा, “हम बदला नहीं चाहते, लेकिन न्याय जरूर चाहते हैं.”

क्या कहती है पुलिस?: थाने के प्रभारी बबन कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है. एसिड अटैक का केस होने से इसे गंभीर अपराध मानते हुए विशेष टीम गठित की गई है. आरोपी को 48 घंटे में पकड़ लिया जाएगा

“परिजनों ने देरी से सूचना दी, लेकिन अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज हो गई है. आरोपी रिश्तेदार होने के कारण आसपास ही रहता होगा. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”-बबन कुमार, थाना प्रभारी, पताही

इलाके में पहले भी हुई ऐसी वारदात: पताही थाना क्षेत्र में यह पहला ऐसा मामला नहीं है. दो साल पहले भी इसी इलाके में एक लड़की पर प्रेमी ने एसिड फेंका था. स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है.

क्या कहते हैं डॉक्टर?: सामाजिक कार्यकर्ता रीता कुमारी ने कहा, “ऐसे अपराधों पर सख्त कानून है, लेकिन जागरूकता की कमी से पीड़ित परिवार चुप रह जाते हैं. सरकार को एसिड की बिक्री पर और सख्ती बरतनी चाहिए.” कोटवा के अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि लड़की का चेहरा 40 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है. प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ेगी, जो महंगी होगी. वहीं परिवार ने मदद की अपील की है.