नवादा: बिहार के नवादा जिले में एक खौफनाक हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. लंबे समय तक रिलेशनशिप के बाद विवाह रचाने वाला पति अब हत्या का आरोपी बन गया है. आरोप है कि पैसों के लालच में उसने अपनी पत्नी को जहर देकर मार डाला. मामला रविवार (9 फरवरी) को सामने आया है. यह घटना मिल्की ढिवरी गांव से जुड़ी है, जहां रविवार को युवती शोभा देवी का शव बरामद हुआ. पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
शोभा देवी और पिंटू कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. दोनों ने फरवरी 2023 में अपनी मर्जी से शादी रचा ली. परिवार वालों ने भी सहमति जताई और विवाह संपन्न हुआ. शुरू में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन जल्द ही रिश्ते में दरार आने लगी. मृतका के भाई बिट्टू रविदास के अनुसार, ससुराल पक्ष ने दहेज के रूप में 2 लाख रुपये की मांग की.
मायके वालों ने 30 हजार रुपये दिए, लेकिन बाकी 1 लाख 70 हजार नहीं देने पर विवाद बढ़ता गया. दोनों पक्षों में तनाव बढ़ा और रोजाना झगड़े होने लगे. शादी के दो साल बीत चुके थे, लेकिन कोई संतान नहीं हुई, जिससे घरेलू कलह और गहरा गई.
रुपये के लालच में जहर देने का आरोप
मृतका के भाई बिट्टू रविदास का दावा है कि पति पिंटू कुमार और उसके परिवार ने लगातार प्रताड़ित किया. आर्थिक विवाद के चलते मारपीट आम हो गई. अंत में जहर देकर हत्या कर दी गई. भाई बिट्टू रविदास ने कहा कि जिस पति ने मोहब्बत की कसमें खाई थीं, वही आज हत्यारा बन गया. गांव में यह खबर फैलते ही लोग स्तब्ध रह गए. एक तरफ प्रेम विवाह की शुरुआत, दूसरी तरफ रुपए के लिए खौफनाक अंत है.
ससुराल पक्ष ने कहा लड़की ने खुद की आत्महत्या
मृतक की सास ससुराल पक्ष की मीना देवी ने कहा कि शोभा देवी जो मेरी बहु थी वह खुद धमकी दी थी कि परेशान करने पर जहर खा लेंगी और उन्होंने आत्महत्या की है. वह खुद ही कहती थी कि हम जहर रखे हुए हैं और कभी भी खा लेंगे और ऐसा ही हुआ. अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने मृत्यु घोषित कर दिया. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और सदर अस्पताल नवादा में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. डीएसपी राहुल कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी की देखरेख में जांच चल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण (हत्या या आत्महत्या) स्पष्ट होगा. फिलहाल इलाके में खौफ का माहौल है. पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और साक्ष्य जुटा रही है. इस घटना ने दहेज और घरेलू हिंसा के खिलाफ समाज को फिर चेतावनी दी है. सच का खुलासा जल्द होने की उम्मीद है.