सुपौल: बिहार में बीड़ी नहीं देने पर नशे में धुत दो युवकों ने एक वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सुपौल जिले की है। यहां छातापुर थाना क्षेत्र की लालगंज तिलाठी पंचायत अंतर्गत सरदार टोला में रविवार रात करीब नौ बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया है। मृतका स्व. जगदेव सरदार की पत्नी सुगिया देवी (65 वर्ष) थी। बताया जाता है कि महिला ने दुकान बंद कर दी थी। इसके बाद गांव के दो युवक आशीष (25 वर्ष) व सौरभ (30 वर्ष) पहुंचे और दुकान खोलकर बीड़ी देने की जिद पर अड़ गए।
महिला के मना करने पर दोनों ने पहले वृद्धा के दो पोतों की पिटाई की। बचाने आई वृद्धा को भी लात-घूंसों से जमकर पीटा। इससे वृद्धा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने परिजनों से जानकारी ली। एसपी शरथ आरएस ने कहा कि छातापुर थानाध्यक्ष व त्रिवेणीगंज एसडीपीओ को जांच का निर्देश दिया गया है। दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।