गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने महज तीन साल के अंतराल में तीन शादियां रचा लीं. चौंकाने वाली बात यह है कि उसने अपनी किसी भी पिछली पत्नी को तलाक नहीं दिया और एक के बाद एक शादियां करता रहा. इस ‘सीरियल मैरिज’ का खुलासा तब हुआ जब आरोपी की पहली और दूसरी पत्नी ने एकजुट होकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी पिंटू वर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया है.
दहेज और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप
पहली पत्नी खुशबू कुमारी और दूसरी पत्नी गुड़िया कुमारी ने पिंटू और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. खुशबू का आरोप है कि उसकी शादी दिसंबर 2022 में हुई थी, जिसमें उसके पिता ने 3 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में आभूषण दिए थे. बावजूद इसके, उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और मारपीट कर घर से निकाल दिया गया. खुशबू ने बताया कि उसे बाद में पता चला कि पिंटू ने अप्रैल 2024 में दूसरी शादी कर ली और फिर कुछ समय बाद तीसरी शादी भी रचा ली.
दूसरी पत्नी गुड़िया ने आरोप लगाया कि उसे धोखे में रखकर शादी की गई. उसे पिंटू की पहली शादी के बारे में अंधेरे में रखा गया. गुड़िया का कहना है कि पिंटू का परिवार हर शादी में गहनों और पैसों की मांग करता है और मांग पूरी न होने पर लड़की को प्रताड़ित कर बाहर निकाल देता है.
आरोपी पति की दलील: ‘मां बीमार थी, इसलिए की शादियां’
पुलिस हिरासत में आरोपी पिंटू वर्णवाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उसने दहेज मांगने की बात को झूठ बताते हुए कहा कि उसने घरेलू परिस्थितियों के कारण ये शादियां कीं. पिंटू ने दलील दी, “मेरी मां 60 साल की हैं और उन्हें दिल की बीमारी तथा मधुमेह है. पहली और दूसरी पत्नी ने घर में कभी खाना तक नहीं बनाया. मां की देखभाल के लिए कोई नहीं था, इसलिए मैं शादी करने पर मजबूर हुआ.”
पिंटू ने अपनी पहली पत्नी खुशबू पर पलटवार करते हुए दावा किया कि वह उस पर और उसकी मां पर चाकू से हमला करने आई थी. उसने एफआईआर में दर्ज दुष्कर्म और हिंसा के आरोपों को भी फर्जी करार दिया.
कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग
पुलिस के अनुसार, दोनों पत्नियों की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पिंटू की तीसरी पत्नी उसके घर पर रह रही है. खुशबू और गुड़िया दोनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि पिंटू ने कई लड़कियों का जीवन बर्बाद किया है और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.