गया. बिहार के गया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. दरअसल गया खिजड़सराय थाना क्षेत्र के खैरा गांव में 11,000 वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों युवक ठंड से बचने के लिए घर के बाहर आग ताप रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खैरा गांव में एक घर के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही थी. देर रात अचानक लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद निकली तेज चिंगारी नीचे आग ताप रहे युवकों पर गिर गई. तेज करंट की चपेट में आने से तीनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए.
मगध मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. एक ही गांव में तीन युवकों की मौत से खैरा गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
पुलिस और बिजली विभाग को दी गई सूचना
घटना की सूचना खेजड़सराय थाना पुलिस और बिजली विभाग को दे दी गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, ग्रामीणों ने ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हादसे की बड़ी वजह बताया है और बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है. इस हादसे के बाद गांव के रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों की मांग है कि ऐसी लाइनों को आबादी से दूर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.