बिहार में एकजुट विपक्ष बिगाड़ने जा रहा एनडीए का खेल? तेजस्वी यादव ने दिए ‘सियासी गोटी’ सेट होने के संकेत

पटना. बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या जुट जाएगी और वह न सिर्फ उम्मीदवार उतारेगा बल्कि जीत भी दर्ज करेगा. उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी. बता दें कि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के समर्थन की जरूरत है. विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर एनडीए के पास 202 विधायक हैं. ऐसे में पांच में से चार सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय मानी जा रही है. लेकिन, असली मुकाबला पांचवी सीट को लेकर है, जहां विपक्ष अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटा है.

महागठबंधन का गणित और जोड़ तोड़
महागठबंधन के पास फिलहाल करीब 35 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है. इसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 25, कांग्रेस के 6, वाम दलों के 2, एक कम्युनिस्ट पार्टी का 1 और एक अन्य सहयोगी दल का 1 विधायक शामिल है. यदि एआईएमआईएम (AIMIM) के 5 और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के 1 विधायक का समर्थन मिल जाता है तो यह संख्या 41 तक पहुंच सकती है. यही वह जादुई आंकड़ा है जो विपक्ष को पांचवी सीट पर उम्मीदवार उतारने और मुकाबला करने की स्थिति में ला सकता है.

AIMIM-BSP के सहारे 5वी सीट साधने की कोशिश
इससे पहले गुरुवार को तेजस्वी यादव ने पूरे विपक्ष के साथ बैठक की. बैठक में एआईएमआईएम और बीएसपी के विधायकों को साथ लाने पर चर्चा हुई. एआईएमआईएम विधायक अख्तरुल ईमान और बीएसपी विधायक के रुख पर बातचीत आगे बढ़ने की बात कही गई है. बैठक के बाद एक सहयोगी विधायक ने कहा कि महागठबंधन अपना उम्मीदवार जरूर उतारेगा और सभी विपक्षी दलों का समर्थन उसे मिलेगा.

विधानसभा की कुल सदस्य संख्या 243 है. मौजूदा स्थिति में एनडीए का बहुमत स्पष्ट है, इसलिए चार सीटें उसके खाते में जाना तय माना जा रहा है. लेकिन पांचवी सीट पर विपक्ष की एकजुटता और संख्या प्रबंधन अहम होगा. तेजस्वी यादव ने भरोसा जताया है कि विपक्षी एकता के दम पर संख्या पूरी हो जाएगी. हालांकि अंतिम तस्वीर तभी साफ होगी जब एआईएमआईएम और बीएसपी औपचारिक रूप से समर्थन का ऐलान करेंगे. ऐसे में आने वाले दिनों में उम्मीदवार की घोषणा के साथ यह मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.

बिहार विधानसभा में सीटवार दलीय स्थिति
विपक्ष विधायकों का आंकड़ा सत्ता पक्ष विधायकों का आंकड़ा
आरजेडी 25 भाजपा 89
कांग्रेस 06 जदयू 85
AIMIM 05 लोजपा (आर) 19
भाकपा माले 02 HAM 05
IIP 01 आरएलएम 04
CPM 01
BSP 01

तेजस्वी का दावा, NDA के लिए नई चुनौती
हालांकि, फिलहाल तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन पांचवी सीट ने बिहार की राजनीति में नई गर्माहट ला दी है. यह मुकाबला सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि विपक्ष की एकजुटता और राजनीतिक ताकत की परीक्षा भी माना जा रहा है. आने वाले दिनों में उम्मीदवार की घोषणा और समर्थन की औपचारिकता के बाद ही साफ होगा कि पांचवी सीट NDA के खाते में जाती है या महागठबंधन सियासी समीकरण बदलने में सफल होता है. फिलहाल बिहार की राजनीति में पांचवी राज्यसभा सीट को लेकर अंकगणित और रणनीति दोनों पर नजर बनी हुई है.