पटना : Patna Sita Choudhary Lodge: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट के सीता चौधरी लॉज में कल यानी गुरुवार (14 मई 2026) की देर शाम अफरा तफरी का माहौल बन गया. रूम रेंट के भुगतान को लेकर हुई कहासुनी में लॉज संचालक का बेटा अपना आपा खो बैठा और उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर वहां रहकर पढ़ाई कर रही छात्राओं पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले में चार छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.
इस वारदात के बाद पूरे लॉज परिसर में चीख-पुकार मच गई और पूरे मुसल्लहपुर हाट इलाके में दहशत और सन्नाटा पसर गया. घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायल छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस पूरे मामले को लेकर पटना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर 01) राजेश रंजन ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि किराए के लेनदेन के विवाद में लॉज मालिक के पुत्र और उसकी पत्नी ने छात्राओं के साथ हिंसक मारपीट की है.
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और संलिप्त अभियुक्त को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस की टीम लॉज में रहने वाले अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बता दें कि इस घटना ने छात्र-छात्राओं के बीच असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है.