बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, एक साथ 54 DSP अधिकारियों का तबादला, यहां देखें पूरी लिस्ट

पटना: बिहार पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल का दौर लगातार जारी है. राज्य सरकार ने शुक्रवार को 61 डीएसपी और दो आईपीएस अधिकारियों के तबादले के बाद शनिवार देर रात एक और बड़ा आदेश जारी कर 54 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का स्थानांतरण किया है. गृह विभाग की अधिसूचना में कई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों और अपर पुलिस अधीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

महत्वपूर्ण विभागों में नई तैनातियां: सरकार के इस लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा पुलिसिंग व्यवस्था में कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. खासकर साइबर क्राइम, अपराध अनुसंधान विभाग, आर्थिक अपराध इकाई और मद्य निषेध जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अनुभवी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.

अधिकारियों के तबादले की लिस्ट
यातायात और निषेध विभाग को मिला नया नेतृत्व: जारी आदेश के मुताबिक, मोहम्मद अली अंसारी को सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात के पद पर नियुक्त किया गया है. वहीं अशफाक अंसारी को पुलिस उपाधीक्षक मध्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मनोज राम को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार पटना में पदस्थापित किया गया है.

अधिकारियों के तबादले की लिस्ट
महिलाओं को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां: इसके अलावा वंदना को अपर पुलिस अधीक्षक मध्य निषेध बनाया गया है. अजय प्रसाद को वर्दी पुलिस उपाधीक्षक के रूप में बिहार पुलिस अकादमी राजगीर भेजा गया है. वहीं रिशु कृष्ण को पुलिस उपाधीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है.

अधिकारियों के तबादले की लिस्ट
साइबर अपराध पर सख्ती, नए अधिकारियों की तैनाती: साइबर अपराध पर नियंत्रण को लेकर भी सरकार ने कई अहम पदस्थापन किए हैं. मंगलेश कुमार सिंह को पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम, औरंगाबाद बनाया गया है, जबकि पूनम कुमारी को पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम, सीतामढ़ी की जिम्मेदारी दी गई है. महेश चौधरी को पुलिस उपाधीक्षक आर्थिक अपराध इकाई, पटना में पदस्थापित किया गया है.

अधिकारियों के तबादले की लिस्ट
रोहतास जिले में भी हुआ बड़ा बदलाव: रोहतास जिले में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं. विप्लव कुमार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम बनाया गया है, जबकि राजू रंजन कुमार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेहरी, रोहतास की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

अधिकारियों के तबादले की लिस्ट
आगामी चुनौतियों के लिए तैयारियां: पुलिस मुख्यालय के स्तर पर लगातार हो रहे इन तबादलों को आगामी चुनौतियों और कानून-व्यवस्था की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए देखा जा रहा है. राज्य सरकार अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध की रोकथाम तथा विशेष इकाइयों को मजबूत करने पर विशेष फोकस कर रही है.

व्यापक रणनीति का हिस्सा: बीते कुछ दिनों के भीतर बिहार पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं. पहले 16 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया, उसके बाद 61 डीएसपी और दो आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ. अब 54 डीएसपी अधिकारियों के नए तबादले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव की रणनीति पर काम कर रही है.