बिहार में NDA की सुनामी, तेजस्वी-राहुल की जोड़ी फेल, PK का भी जादू नहीं चला

Bihar Election 2025 Result LIVE: बिहार की धरती पर लोकतंत्र का महायुद्ध समाप्त हो चुका है. 6 और 11 नवंबर को हुए दो चरणों वाले विधानसभा चुनावों में 67.13% रिकॉर्ड मतदान के साथ 24.3 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक परिपक्वता दिखाई. आज, 14 नवंबर 2025 को वोटों की गिनती के साथ सस्पेंस खत्म होने को है और NDA की सुनामी ने सबको चौंका दिया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार करता दिख रहा है. जहां JD(U) अकेले 83 सीटों पर आगे चल रही है, BJP को 93, चिराग पासवान की LJP(RV) के 19 और जीतन राम मांझी की HAM को 5 सीटें मिल रही हैं. कुल मिलाकर NDA 200+ सीटों पर लीड कर रही है, जो 122 के बहुमत से कहीं ज्यादा है. नीतीश का पांचवां कार्यकाल लगभग तय माना जा रहा है.

दूसरी ओर, महागठबंधन (RJD-Congress-Left) की उम्मीदें धूल चाट रही हैं. तेजस्वी यादव की RJD सबसे बड़ी पार्टी बनकर भी सिर्फ 26 सीटों पर सिमटती दिख रही है, जबकि कांग्रेस महज 3 पर जीतती नजर आ रही. यानी महागठबंधन कुल 31 सीटों तक सिमटता दिख रहा है. इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज और मुकेश सहनी की VIP खाता भी नहीं खोल सकी है. साथ ही AIMIM जैसी पार्टियां भी लगभग गायब नजर आ रही हैं.

बिहार की जीत पर PM मोदी बोले- सुशासन की जीत हुई है
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा- सुशासन की जीत हुई है. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है. लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है. मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं.