NEET अभ्यर्थी मौत मामला: ‘हम CBI जांच नहीं, न्यायिक जांच…’, बिहार सरकार के फैसले पर भड़का परिवार; कर दी ये मांग

Bihar NEET Aspirant Death: बिहार सरकार ने जहानाबाद में एक नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की, लेकिन परिवार राज्य सरकार के इस फैसले को लेकर खफा है। परिवार की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट या फिर हाई कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में मामले की जांच हो।

‘CBI जांच से संतुष्ट नहीं परिवार’
नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में परिवार ने कहा कि वह सीबीआई जांच से संतुष्ट नहीं हैं। साथ ही कहा कि बिहार पुलिस पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

‘हमें किसी पर भरोसा नहीं’
उन्होंने कहा, ”मैं इससे संतुष्ट नहीं हूं… इसमें प्रशासन, हॉस्टल और अस्पताल की मिलीभगत है। सरकार मामले को दबाने की कोशिश कर रही है… हमने सीबीआई जांच की मांग नहीं की थी, बल्कि सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच की मांग की थी… डीजीपी ने कहा कि हमारी बेटी ने आत्महत्या की है… हमें किसी पर भरोसा नहीं है… बिहार पुलिस सरकार के दबाव में है…”