पटना. बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल के बीच विभागों के बंटवारे के साथ ही शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लगभग 20 वर्षों के बाद गृह मंत्रालय छोड़ दिया और यह ज़िम्मेदारी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंप दी. नीतीश कुमार ने 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद से हर कार्यकाल में गृह मंत्रालय अपने पास ही रखा था. कानून-व्यवस्था, पुलिस व्यवस्था, और प्रशासनिक नियंत्रण जैसे संवेदनशील मामलों को वे सीधे तौर पर मॉनीटर करते रहे. इसे हमेशा नीतीश के “मजबूत प्रशासन” की पहचान माना जाता था. लेकिन, इस बार गृह विभाग किसी और को सौंपना यह संकेत देता है कि वे सरकार में अधिक जिम्मेदारियों को वितरित करना चाहते हैं.
सम्राट चौधरी को क्यों मिली इतनी बड़ी जिम्मेदारी?
सम्राट चौधरी वर्तमान में उपमुख्यमंत्री हैं और भाजपा के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक के रूप में तेजी से उभरे हैं. उनकी आक्रामक राजनीतिक शैली, संगठनात्मक पकड़ और बड़ी जातिगत समीकरणों में स्वीकार्यता ने उन्हें शीर्ष नेतृत्व के भरोसेमंद चेहरों में शामिल किया है. वहीं बिहार चुनाव में उनकी बड़ी भूमिका देखने को मिली. इसके साथ बीजेपी के बड़े आयोजन में सम्राट ने मजबूती से काम किया. गृह मंत्रालय मिलने के बाद सम्राट अब बिहार में कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन और आंतरिक सुरक्षा के प्रमुख चेहरे बन गए हैं. यह न केवल उनकी ताकत को बढ़ाता है बल्कि विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की राजनीतिक हिस्सेदारी को भी मजबूत संदेश देता है.
सम्राट के सामने बड़ी चुनौती!
नीतीश कुमार और भाजपा के बीच मौजूदा साझेदारी में विभागों का बंटवारा एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है. अब निगाहें इस बात पर होंगी कि सम्राट चौधरी गृह मंत्री के रूप में कैसा प्रदर्शन करते हैं और क्या वे अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, पुलिस सुधार और नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं. एक बात स्पष्ट है- गृह मंत्रालय का यह परिवर्तन बिहार की सत्ता संरचना में नया अध्याय लेकर आया है. नीतीश कुमार ने अपने सबसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान जब सम्राट को सौंपी है, तो यह भरोसे, जिम्मेदारी और बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत है. आने वाले महीनों में यह बदलाव राज्य की प्रशासनिक दिशा तय करेगा और शायद बिहार की राजनीति भी बदल दे.