फ्रंटफुट पर नीतीश, साथ में PM मोदी, और महिलाओं को 10 हजारी स्कीम पर बड़ा ऐलान

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले जेडीयू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक ऐसा पोस्टर जारी किया है जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है. पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नजर आ रहे हैं और संदेश साफ है ’10 हजार नहीं है लौटाना, हर घर की एक महिला बनेगी उद्यमी.’ इसके साथ लिखा गया है, ‘नीतीश जी ने है ठाना, NDA को वोट देना है निभाना.’ यह एनडीए की ओर से बड़ा ऐलान है.

दरअसल विपक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा था कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत दी गई 10 हजार रुपये की सहायता राशि चुनाव खत्म होते ही वापस ली जाएगी. विपक्षी दलों ने इसे चुनावी छलावा बताते हुए कहा था कि यह पैसा ‘लोन’ है, जो बाद में महिलाओं से वसूल किया जाएगा. अब नीतीश कुमार ने इस पोस्टर के जरिए यह साफ कर दिया है कि जब यह 10,000 लौटाना ही नहीं है, तो सूद कैसा? यानी यह राशि पूरी तरह नॉन-रिफंडेबल है, इसे लौटाना नहीं होगा.

सरकार का दावा

पोस्टर में कहा गया है कि यह कोई ‘लोलीपॉप’ नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का ठोस प्रयास है. 26 सितंबर 2025 को NDA सरकार ने यह फैसला लिया था कि राज्य के हर परिवार की एक महिला को स्वरोजगार का अवसर दिया जाएगा. इस योजना के तहत महिलाओं के खाते में पांच चरणों में सहायता राशि भेजी जा रही है. अब तक 1.51 करोड़ महिलाओं के खाते में सीधे ₹10,000 तक की राशि भेजी जा चुकी है. सरकार का कहना है कि बाकी पात्र महिलाओं के खाते में भी समय पर राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी. इसके अलावा, जो महिलाएं आगे चलकर सफल व्यवसाय शुरू करेंगी, उन्हें ₹2 लाख तक की कुल सहायता भी दी जाएगी.

चुनाव से पहले मास्टर स्ट्रोक
जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण नजदीक आ रहा है, जेडीयू ने इस घोषणा के साथ राजनीतिक तौर पर बड़ा दांव चला है. करीब डेढ़ करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खाते में यह पैसा पहुंच चुका है, और अब जब नीतीश कुमार यह कह रहे हैं कि “यह पैसा लौटाना नहीं है,” तो इसका सीधा असर महिला मतदाताओं पर पड़ना तय माना जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, महिलाओं का यह वोट बैंक इस बार गेमचेंजर साबित हो सकता है. गांवों में महिलाओं ने पहले से ही इस योजना को लेकर सरकार के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है.पोस्टर में यह भी अपील की गई है कि “किसी के झूठे बहकावे में न आएं, NDA को वोट दें.