20 नवंबर को 10वीं बार CM बनेंगे नीतीश, शपथ में मोदी समेत एनडीए नेताओं का जुटान

पटना: बिहार में एनडीए की नई सरकार का शपथग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को होगा। बड़े जनादेश का जश्न मनाने के लिए ऐतिहासिक स्थल पर शपथग्रहण का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत देशभर के शीर्ष एनडीए नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही उपमुख्यमंत्री और कुछ चुनिंदा मंत्री शपथ लेंगे। शपथग्रहण समारोह बुधवार या गुरुवार को होगा, इसपर फैसला सोमवार को प्रधानमंत्री कार्यालय की सहमति पर निर्भर है। बताते चलें कि भारी जनादेश का जश्न मनाते हुए वर्ष 2015 में नीतीश कुमार ने गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

तब उनके नेतृत्व में महागठबंधन को 178 सीटों पर जीत मिली थी और शपथग्रहण में देशभर के शीर्ष नेता शामिल हुए थे। नई एनडीए सरकार के गठन को लेकर रविवार को पटना से दिल्ली तक गतिविधियां तेज रहीं। खासकर मुख्यमंत्री आवास में दिनभर मिलने-जुलने का सिलसिला चलता रहा। सुबह-सुबह केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र यादव तकरीबन डेढ़ घंटे तक मुख्यमंत्री के साथ रहे।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे। रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल भी सीएम से मिलने पहुंचे। दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर लौटे केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी शाम को नीतीश कुमार से मुलाकात की। माना जा रहा है कि नई सरकार के स्वरूप पर भी चर्चाएं हुईं।

आपको बता दें कि नीतीश कुमार 9 बार राज्य के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। इस समय जो सरकार चल रही है वो उनका नौवां मंत्रिमंडल है। एनडीए का यह आठवां सरकार होगा। नीतीश कुमार सात बार एनडीए और 2 बार महागठबंधन के सीएम बने थे। बीच में एनडीए से जीतन राम मांझी बिहार के मुख्यमंत्री बने थे।

गांधी मैदान आज से 20 नवंबर तक आम लोगों के लिए बंद
गांधी मैदान 17 स 20 नवंबर तक आम ोलगों के लिए बंद रहेगा। शपथग्रहण की तैयारियों के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। हालांकि, जिला प्रशासन ने इसकी आधिकारिक वजह नहीं बतााई है। माना जा रहा है कि एनडीए सरकार के शपथग्रहण को लेकर गांधी मैदान में बड़ा मंच और हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं।