छाती और पेट में दाग दी एक-एक गोली, पटना में टीचर की हत्या से सनसनी

पटना; पटना में धनरुआ थाना क्षेत्र के सिगरामपुर के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक निजी स्कूल के शिक्षक रामचंद्र यादव उर्फ गुरुजी (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार शाम की है। वह छाती पंचायत के वार्ड सदस्य महेश प्रसाद के भाई थे। रामचंद्र यादव पास के आश्रयपुर गांव में सोसाइटी में दूध देकर साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी सिगरामपुर गांव के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। छाती और पेट में एक-एक गोली लगने से मौके पर रामचंद्र की मौत हो गई।

पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया
ग्रामीणों का आरोप है कि हत्या की सूचना देने के एक घंटे के बाद पुलिस पहुंची। जिससे नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने शव उठाने से पुलिस को रोक दिया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस गश्त नहीं होने के कारण अपराधी बेखौफ हैं।

एक हफ्ते पहले भी अपराधी ने फायरिंग की, जिसके सूचना पुलिस को दी गई थी उसके बाबजूद पुलिस अपराधी को अभी तक पकड़ नहीं पाई है। वहीं, बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस को वापस लौटना पड़ा। बाद में डीएसपी सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची व लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने आई।

वारदात का कारण स्पष्ट नहीं,पुलिस जांच में जुटी
सिटी एसपी परिचय कुमार ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।