पटना में ट्रैफिक SP का एक्शन, ड्यूटी से गायब ASI निलंबित; 10 पुलिसकर्मियों का रोका वेतन

पटना। यातायात एसपी अपराजित लोहान ने एक सप्ताह से ट्रैफिक पोस्ट का निरीक्षण कर रहे है। इस दौरान कई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान लापरवाह तो एक एएसआई गायब मिले। गुरुवार को उन्होंने गैरहाजिर पाए जाने पर एक एएसआई को निलंबित कर दिया, जबकि तीन पदाधिकारियों और सात पुलिसकर्मियों का वेतन धारित करते हुए “नो वर्क, नो पे” के आधार पर एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में ड्यूटी में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यातायात व्यवस्था की गंभीरता को देखते हुए यातायात एसपी औचक निरीक्षण अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में बुधवार और गुरुवार को उन्होंने संबंधित पुलिस उपाधीक्षक और ओपी प्रभारियों के साथ कई प्रमुख यातायात पोस्टों का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान बोरिंग रोड चौराहा, आईटी गोलंबर, बोरिंग कैनाल रोड, राजपुर पुल, सर्कुलर गोलंबर, राजेंद्र चौक, चिड़ियाघर गेट नंबर-2, चितकोहरा गोलंबर, एयरपोर्ट गेट और पुनाइचक सहित कई स्थानों का जायजा लिया गया।

इस दौरान कुछ पोस्ट पर ड्यूटी पर तैनात कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई। एसपी यातायात ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है और यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।