पटना। बिहार से जुड़े उद्योगपति, व्यवसायी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी एवं वित्तीय विशेषज्ञ से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकसित एवं समृद्ध बिहार बनाने के लिए आगे आने की अपील की है।उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति यदि बिहार में उद्योग या स्टार्टअप शुरू करना चाहता है तो वह पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट या कंपनी सेक्रेटरी के पास ही जाता है। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों एवं निवेशकों के लिए हाल के दिनों में सरकार की ओर से की गई पहल एवं भावी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री शनिवार को बापू सभागार में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कहा कि हमलोगों ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मियों के बिहार भ्रमण की व्यवस्था लागू की है, ताकि हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को जाने और नजदीक से देखें। बिहार की समृद्धि तभी संभव होगी, जब हम अपने विरासत को समझेंगे।
आने वाला है बड़ा निवेश
उन्होंने कहा कि 12 नई टाउनशिप विकसित कर रहे हैं, इसके लिए सवा छह लाख एकड़ भूमि पर काम शुरू किया जा रहा है। जिसमें 6.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आने वाला है। विकसित होने वाले 12 टाउनशिप में इंडस्ट्रियल कारिडोर, इंडस्ट्रियल पार्क भी विकसित किया जाएगा।
पर्यटन की संभावानाओं पर भी बल देते हुए कहा कि वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व, राजगीर, भीम बांध, मुंगेर का योग आश्रम, भागलपुर का विक्रमशिला विश्वविद्यालय, सीतामढ़ी का पुनौरा धाम, बोधगया जहां भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त कर दुनिया को शांति का संदेश दिया, गयाजी में सनातन धर्म के लोगों को मोक्ष प्राप्त होता है, वहां विष्णु पद मंदिर भी है।
कार्यक्रम में विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल के अतिरिक्त उद्योग जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां सहभागिता रही।