बिहार आ रही पुलिस टीम सड़क हादसे का शिकार: झपकी लगने से पेड़ से टकराई कार, 4 पुलिसकर्मी घायल

मुंगेर। शामपुर थाना क्षेत्र के धपरी मोड़ के समीप शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना उस समय हुई, जब उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांस थाना की पुलिस टीम सड़क मार्ग से मुंगेर से जमुई की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन चालक को झपकी आ जाने से चारपहिया वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।दुर्घटना इतनी तेज थी कि वाहन के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायलों में पुलिस पदाधिकारी नीरज राय, अभिजीत उपाध्याय, संजीत सिंह और जयप्रकाश यादव शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही शामपुर 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया।

घायलों का चल रहा इलाज
वहीं, सूचना मिलने के बाद शामपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी नीरज राय और जयप्रकाश यादव की स्थिति गंभीर थी।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य दो पुलिसकर्मियों अभिजीत उपाध्याय और संजीत सिंह का इलाज अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। पुलिस टीम के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।