शिमला: कांग्रेस हाईकमान ने फिर सीएम सुक्खू पर भरोसा जताया है. पार्टी की बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में हिमाचल से एक मात्र नेता सीएम सुक्खू को शामिल किया है. स्टार प्रचारक की सूची में प्रियंका गांधी वाड्रा के बाद सीएम सुक्खू का नाम छठे नम्बर पर हैं. वहीं, अशोक गहलोत का नाम सूची में सातवें स्थान पर हैं.
ऐसे में पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी वाड्रा ने छोटे पहाड़ी राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से ऊपर जगह देकर राजनीतिक संकेत भी साफ कर दिए हैं कि सुक्खू न केवल प्रदेश सरकार के मुखिया के रूप में अपनी पकड़ मजबूत कर चुके हैं, बल्कि संगठनात्मक स्तर पर भी उनका प्रभाव तेजी से बढ़ा है. वहीं, कांग्रेस हाईकमान का उन पर लगातार विश्वास जताना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में सुक्खू राज्य की राजनीति में और अधिक निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.
बिहार में कांग्रेस हाईकमान ने पहले चरण के विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें कुल 40 नेताओं को सूची में स्थान दिया गया है, इस सूची में हिमाचल से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का एक मात्र नाम शामिल है. बिहार विधानसभा चुनाव की स्टार प्रचारकों की पहली सूची में पहला नाम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का है. इसके बाद सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी, सुखविंदर सिंह सुक्खू, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह, अधीर रंजन चौधरी, मीरा कुमार, कृष्णा अल्लावरू, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सैयद नासिर हुसैन, चरणजीत सिंह चन्नी, गौरव गोगोई, तारीख अनवर, मोहम्मद जवाद, अखिलेश प्रसाद सिंह, मनोज राम, अलका लांबा, कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, शकील अहमद, जीतू पटवारी, सुखदाई भगत, राजेश कुमार राम, शकील अहमद खान, मदन मोहन झा, अजय राय, जिग्नेश मेवानी, रंजीत रंजन, राजेश रंजन, अनिल जयहिंद, राजेंद्र पाल गौतम, फुरकान अंसारी, उदय भानु चिब व सुबोध कांत सहाय शामिल है.
दो चरणों में होंगे चुनाव
बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होगा, जिसमें पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा. वहीं, वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी. पहले फेज में 121 सीटों पर और दूसरे फेज में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. ऐसे में पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों के 40 नामों की सूची जारी हुई है. इसमें हिमाचल के मुख्यमंत्री बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान हिमाचल में सरकार की और से चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही 10 चुनावी गारंटी का गुणगान करेंगे. इसके अलावा केंद्र जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें नहीं है, इन राज्यों में हो रहे भेदभाव को लेकर भी सीएम सुक्खू केंद्र को घेर सकते हैं.
28 अक्तूबर को दिल्ली जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री का 28 अक्तूबर को दिल्ली जाने का कार्यक्रम तय हो गया है. 29 व 30 अक्टूबर को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं 16वें वित्तायोग अध्यक्ष डा. अरविंद पनगढ़िया से मुलाकात कर सकते हैं. इसके लिए अभी समय मांगा गया है. वहीं इसके बाद मुख्यमंत्री बिहार में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार के निकलेंगे. इससे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हरियाणा, जम्मू कश्मीर और दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में प्रचार कर चुके हैं.